पवन कुमार बंसल संभालेंगे अहमद पटेल की ज़िम्मेदारी

नई दिल्ली। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष अहमद पटेल के निधन के बाद खाली हुए कोषाध्यक्ष पद की ज़िम्मेदारी वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल को दी गई ही।
कांग्रेस पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल द्वारा सूचना के अनुसार कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पवन कुमार बंसल को कोषाध्यक्ष का कार्यभार देखने के लिए नियुक्त किया है।
72 वर्षीय पवन कुमार बंसल 10वीं, 13वीं, 14 वीं और 15वीं लोकसभा के सदस्य रहे हैं। वे यूपीए सरकार में केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री, संसदीय मामलों के राज्यमंत्री, जल संसाधन मंत्री के तौर पर कामकाज संभाल चुके हैं।
पवन कुमार बंसल रेल मंत्रालय का काम भी देख चुके हैं। उनके रेल मंत्री रहते हुए उनके भतीजे विवेक सिंगला के ऊपर रिश्वत खोरी का आरोप लगने के बाद 3 मई 2013 को पद से इस्तीफा देना पड़ा था।
बता दें कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोतीलाल बोहरा के बाद अहमद पटेल को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया था। अभी हाल ही में अहमद पटेल के निधन के बाद पार्टी का कोषाध्यक्ष पद रिक्त हो गया था।
इस पद के लिए कई कांग्रेस नेताओं के नाम सामने आये थे लेकिन फ़िलहाल कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पवन कुमार बंसल को कोषाध्यक्ष पद का अतरिक्त कार्यभार सौंपा है।