वोट चोरी के खिलाफ राहुल गांधी के प्रयासों की सराहना की, कहा “संघर्ष के लिए हर कार्यकर्ता तैयार”
अलीगढ़। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा आज कर्नाटक और महाराष्ट्र की वोटर लिस्ट में अनियमितताओं को लेकर किए खुलासे पर कांग्रेस नेताओं ने आभार जताया है।
कांग्रेस के एससी/एसटी विभाग के प्रदेश महासचिव सागर सिंह तोमर ने आभार जताते हुए कहा कि हमारे नेता राहुल जी ने सच्चाई देश के समक्ष रखी है।
उन्होंने कहा कि जो चीजें सामने आई हैं, उससे पता चलता है कि बीजेपी किस तरह चुनाव आयोग के साथ मिलकर लोकतंत्र की हत्या कर रही है।
सागर सिंह तोमर ने कहा कि वोटरलिस्ट में रहस्यमयी तरीके से लाखों मतदाताओं का बढ़ना ये दर्शाता है कि सबकुछ बीजेपी को जिताने के लिए एक साजिश के तहत हुआ है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि राहुल गांधी के खुलासे के बाद अब दूध का दूध और पानी का पानी हो चुका है। ऐसे में जरूरत है कि 2014 से 2024 तक के लोकसभा चुनाव के दौरान मतदाता सूचियों में हुई फेर बदल की जांच हो।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जांच में पाया गया है कि एक कमरे के मकान के पते पर 80 मतदाताओं के नाम वोटरलिस्ट में दर्ज हैं । ये एक गंभीर मामला है।
सागर सिंह तोमर ने कहा कि फर्जीवाड़े के खिलाफ कांग्रेस की इस लड़ाई में हर कार्यकर्ता पार्टी के साथ खड़ा है और उम्मीद है कि यह लड़ाई निर्णायक साबित होगी।
