महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में हुई गड़बड़ी की जांच के लिए कांग्रेस ने बनाई समिति
मुंबई। महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगा रही कांग्रेस ने इस मामले की जांच के लिए एक समिति गठित की है। इस समिति की अध्यक्ष महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण करेंगे।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, यह समिति साल 2024 हुए राज्य विधानसभा चुनाव में कथित अनियमितताओं का विस्तृत विश्लेषण करेगी। यह समिति चुनावी प्रक्रिया में सुधार के लिए सिफारिशें भी करेगी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
इस समिति में पृथ्वीराज चव्हाण के अलावा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रफुल गुड्डे पाटिल, पूर्व मंत्री अशोकराव पाटिल, प्रदेश महासचिव राजेश शर्मा, विधानसभा उम्मीदवार धनंजय शिरीष चौधरी, परीक्षित वीरेंद्र जगताप और समन्वयक के रूप में कांग्रेस महासचिव अभय छाजेड का नाम शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, इस समिति का प्रमुख कार्य है मतदाता सूची में हुए कथित बदलावों, फर्जी नामों और निष्क्रिय मतदाताओं के वोट दर्ज होने जैसे मामलों की जांच करना और इस संबंध में एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर पार्टी नेतृत्व को सौंपना है।
समिति के गठन के पीछे कांग्रेस का मानना है कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 में कई अनियमितताएं हुईं, जिनमें मतदाता सूची में गड़बड़ी और धोखाधड़ी शामिल है। पृथ्वीराज चव्हाण ने आरोप लगाया है कि कराड दक्षिण सहित महाराष्ट्र के कई निर्वाचन क्षेत्रों में बहुत सारे मतदाताओं ने एक से अधिक बार मतदान किया और अंगुली पर लगने वाली स्याही मिटाकर मतदान किए गए।
कांग्रेस ने चुनाव आयोग से महाराष्ट्र मतदाता सूची की मशीन-रीडेबल डिजिटल प्रति और मतदान के दिन की वीडियो फुटेज की मांग की है। हालांकि, चुनाव आयोग ने इस मांग को मौजूदा कानूनी ढांचे के तहत तर्कसंगत नहीं माना है। कांग्रेस का दावा है कि बीजेपी ने चुनाव आयोग के साथ मिलकर मतदाता सूची में अनियमितताएं करके विधानसभा चुनावों में सत्ता हासिल की।
इस समिति के अध्यक्ष पृथ्वीराज चव्हाण के अनुसार, महा विकास आघाडी (MVA) के लगभग 100 नेताओं ने चुनाव याचिकाएं दायर की हैं और उनके नेतृत्व वाली समिति ने कांग्रेस नेतृत्व से उनकी सहायता के लिए दिल्ली से एक कानूनी टीम भेजने का आग्रह किया है।
