मतदाताओं को गुमराह करने के लिए बीजेपी ने न्यूज़ की तरह छपवाए विज्ञापन, शिकायत दर्ज
नई दिल्ली। असम में भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रमुख अखबारों में न्यूज़ फॉर्मेट पर छपवाए गए विज्ञापन मामले में कांग्रेस ने कड़ा रुख दिखाया है। पार्टी का आरोप है कि मतदाताओं को भ्रमित करने के लिए बीजेपी ने प्रमुख अखबारों में समाचारो की तर्ज़ पर विज्ञापन प्रकाशित कराये।
कांग्रेस ने इस मामले में सख्त रुख दिखाते हुए असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल, भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रंजीत कुमार दास तथा आठ प्रमुख समाचार पत्रों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
कांग्रेस का आरोप है कि भारतीय जनता पार्टी ने मतदाताओं को भ्रमित करने के लिए अखबारों में समाचार के तौर पर विज्ञापन पब्लिश कराकर दावा किया है कि वह पहले चरण के बाद के चरणों वाले दूसरे और तीसरे चरण के चुनाव में सभी सीटें जीत रही है। पार्टी ने कहा कि ये राज्य के मतदाताओं को भ्रमित करने और झूठी हवा बनाने की कोशिश है।
असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) के विधि विभाग के अध्यक्ष निरन बोरा ने कहा कि आदर्श आचार संहिता, जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 126 ए के प्रावधानों और 26 मार्च को जारी चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के कथित उल्लंघन के लिये रविवार की रात प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
बोरा ने कहा, ‘मुख्यमंत्री, भाजपा अध्यक्ष, प्रदेश इकाई के प्रमुख तथा पार्टी के अन्य सदस्यों ने दूसरे और तीसरे चरण में मतदाताओं के प्रभावित करने की पूर्व नियोजित साजिश के तहत जानबूझकर विभिन्न समाचार पत्रों के पहले पन्नों पर समाचार के रूप में विज्ञापन दिया है, जिसमें दावा किया गया है कि भाजपा ऊपरी असम की सभी सीटों पर जीत हासिल करेगी।’
असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पुलिस से शिकायत में नामजद लोगों तथा समाचार पत्रों के खिलाफ त्वरित तथा आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया है। असम प्रदेश प्रदेश कांग्रेस ने विज्ञापन के प्रकाशन के खिलाफ रविवार को असम के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नितिन खाड़े से इस मामले में कार्यवाही करने की मांग की है।
वहीँ अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने चुनाव आयोग के समक्ष शिकायत दर्ज कराते हुए भाजपा तथा समाचार पत्रों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई का अनुरोध किया है। कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने एक वीडियो जारी कर समाचार पत्रों में छपे बीजेपी के विज्ञापनों को भ्रामक और आचार संहिता का उल्लंघन करार दिया है। उन्होंने वीडियो में बीजेपी द्वारा न्यूज़ के तौर पर छपवाए गए विज्ञापनों को भी दिखाया है।
