सीएए प्रदर्शनकारियों पर पुलिस बर्बरता: राहुल- प्रियंका के नेतृत्व में NHRC पहुंची कांग्रेस

सीएए प्रदर्शनकारियों पर पुलिस बर्बरता: राहुल- प्रियंका के नेतृत्व में NHRC पहुंची कांग्रेस

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस बर्बरता और बदसलूकी का मामला लेकर कांग्रेस राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग(National Human Rights Commission) पहुंची।

मानवाधिकार आयोग पहुंचे कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, कांग्रेस नेता और वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी, सलमान खुर्शीद, कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला, पीएल पूनिया, राजीव शुक्ला, जतिन प्रसाद, मोहसिना किदवई, कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा और कांग्रेस नेता इमरान मसूद शामिल थे।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि यूपी में नागरिकता कानून और एनआरसी के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान पुलिस की बर्बरता मामले की जांच की जाए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस का रवैया कानूनी तौर पर ठीक नहीं था। इस कानून के खिलाफ प्रदेश में शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन किया जा रहा था।

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल में शामिल नेताओं ने लखनऊ के घंटाघर पर चल रहे महिलाओं के प्रदर्शन के दौरान महिलाओं से पुलिस बदसलूकी और दुर्व्यवहार का मामला उठाते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाही की मांग की। इस दौरान मेरठ, मुज़फ्फरनगर और अलीगढ में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस बर्बरता का मामला भी राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के समक्ष रखा गया।

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को दिए गए अपने ज्ञापन में उत्तर प्रदेश में सीएए के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों के साथ हुई पुलिस बर्बरता और बदसलूकी पर कड़ा रुख दिखाते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ तुरत कार्रवाही की मांग की है।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital