कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल के लिए जारी की स्टार प्रचारकों की लिस्ट, 30 नेताओं के नाम शामिल

कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल के लिए जारी की स्टार प्रचारकों की लिस्ट, 30 नेताओं के नाम शामिल

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में हो रहे विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने आज अपने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी। इस लिस्ट में 30 नेताओं के नाम शामिल किये गए हैं।

कांग्रेस की स्टार प्रचारकों की सूची में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री डा मनमोहन सिंह, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के अलावा मल्लिकार्जुन खड़के, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टेन अमरिंदर सिंह, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के नाम शामिल किये गए हैं।

पार्टी ने अपने स्टार प्रचारकों में पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चोधरी, बीके हरिप्रसाद, पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद, सचिन पायलट, रणदीप सिंह सुरजेवाला, पश्चिम बंगाल कांग्रेस के प्रभारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद, आरपीएन सिंह, नवजोत सिंह सिद्धू, अब्दुल मन्नान, प्रदीप भट्टाचार्य, दीपा दास मुंशी, ए एच खान चौधरी, अभिजीत मुखर्जी, दीपेंद्र हुड्डा, अखिलेश प्रसाद सिंह, रामेश्वर ऑरोन, आलमगीर आलम, मोहम्मद अज़हरुद्दीन, जयवीर शेरगिल, पवन खेड़ा और बीपी सिंह के नाम भी शामिल किये हैं।

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में कांग्रेस वामदलों और इंडियन सेकुलर पार्टी के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ रही है। पश्चिम बंगाल में कांग्रेस, वामदलों और इंडियन सेकुलर पार्टी के बीच बने गठबंधन में कांग्रेस और लेफ्ट के बीच सीटों का बंटवारा तय हो गया है। जानकारी के मुताबिक पश्चिम बंगाल विधानसभा की 294 सीटों में से कांग्रेस के हिस्से में 92 तथा पीरजादा अब्बास सिद्दीकी की इंडियन सेकुलर पार्टी को 30 सीटें दी गई हैं।

पश्चिम बंगाल में 8 चरणों में चुनाव होगा। पहला चरण- 27 मार्च को होगा, दूसरा- 1 अप्रैल, तीसरा- 6 अप्रैल, चौथा- 10 अप्रैल, पांचवां चरण- 17 अप्रैल, छठा चरण- 22 अप्रैल, सातवां चरण- 26 अप्रैल, आठवें चरण का मतदान- 29 अप्रैल को होगा।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital