सीज फायर पर कांग्रेस – बीजेपी में घमासान जारी, कांग्रेस पूछ रही ये सवाल
नई दिल्ली। पहलगाम हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ शुरू किए गए ऑपरेशन सिंदूर और अचानक हुए सीज फायर के ऐलान को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच घमासान जारी है।
सीज फायर को लेकर कांग्रेस सरकार पर सवाल उठा रही है। कांग्रेस का कहना है कि सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि सीज फायर का निर्णय अचानक क्यों लिया गया और इसमें अमेरिका की क्या भूमिका है।
दरअसल अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार भारत पाकिस्तान के बीच हुए सीज फायर को लेकर बयान दे रहे हैं। हालांकि ट्रंप अपने बयानों से यूटर्न भी लेते रहे हैं।
वहीं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी सीज फायर को लेकर मोदी सरकार पर सीधा हमला बोल रहे हैं। अभी हाल ही में उन्होंने एक्स पर अपने ट्वीट में सरकार पर कई सवाल दागे थे।
राहुल गांधी ने लिखा, “मोदी जी, खोखले भाषण देना बंद कीजिए।सिर्फ इतना बताइए:
1. आतंकवाद पर आपने पाकिस्तान की बात पर भरोसा क्यों किया?
2. ट्रंप के सामने झुककर आपने भारत के हितों की कुर्बानी क्यों दी?
3. आपका ख़ून सिर्फ़ कैमरों के सामने ही क्यों गरम होता है?
आपने भारत के सम्मान से समझौता कर लिया!”
इतना ही नहीं, राहुल गांधी ने अपने अगले ट्वीट में विदेश मंत्री जयशंकर प्रसाद को भी घेरा। दरअसल जयशंकर प्रसाद का एक वीडियो वायरल हुआ था। जिसने वे कहते दिखाई पड़ रहे हैं कि पाकिस्तान पर हमले से पहले उसे जानकारी दे दी गई थी कि उसके आतंकी ठिकानों पर भारत हमले करेगा।
दूसरी तरफ सरकार ने सांसदों के प्रतिनिधिमंडल बनाकर दूसरे देशों को भेजा है। ये प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान की करतूतों और ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी दूसरे देशों को देंगे।
