कांग्रेस ने एग्जिट पोल को किया ख़ारिज, सुभाष चोपड़ा बोले ‘हम बेहतर करेंगे इस बार’

कांग्रेस ने एग्जिट पोल को किया ख़ारिज, सुभाष चोपड़ा बोले ‘हम बेहतर करेंगे इस बार’

नई दिल्ली। दिल्ली में आज संपन्न हुए विधानसभा चुनाव के बाद शाम को आये एग्जिट पोल को लेकर जहाँ आम आदमी पार्टी खेमे में ख़ुशी दिखाई दे रही है वहीँ बीजेपी और कांग्रेस ने एग्जिट पोल के नतीजों को ख़ारिज कर दिया है।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने एग्जिट पोल्स को ख़ारिज करते हुए कहा कि सभी एग्जिट पोल फेल हो जायेंगे। चुनाव में बीजेपी की 20 सीटें भी नही आ रहीं और केजरीवाल दिल्ली में सरकार नहीं बना रहे।

सुभाष चोपड़ा ने कहा कि एग्जिट पोल में कांग्रेस का जो परफॉर्मेंस बताया जा रहा है, कांग्रेस उससे कहीं बहुत अधिक अच्छा परफॉर्म करेगी। उन्होंने कहा कि हमे चुनाव परिणाम आने तक इन्तजार करना चाहिए।

वहीँ इससे पहले दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने भी एग्जिट पोल को सिरे से ख़ारिज कर दिया। ट्वीटर पर मनोज तिवारी ने कहा कि सभी एग्जिट पोल फेल हो जायेंगे, राज्य में बीजेपी 48 सीटें जीतकर सरकार बनाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि एवीएम का बहाना ढूंढने की कोशिश न करें।

गौरतलब है कि दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर आज शाम 6 बजे तक 57% मतदान हुआ। दिल्ली के 11 जिलों में उत्तर-पूर्व दिल्ली में सबसे अधिक 63.4 प्रतिशत मतदान हुआ जबकि नई दिल्ली में सबसे कम 44.29 प्रतिशत वोट डाले गए। मतगणना 11 फरवरी को होगी।

दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी रणबीर सिंह ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, “मतदान डेटा सार्वजनिक डोमेन में है। यह 57.06 प्रतिशत है। यह अस्थायी डेटा है, क्योंकि मतदान अभी तक कई स्थानों पर नहीं हुआ है। कई मतदान केंद्रों पर, शाम 6 बजे तक भी लंबी कतार थी। ’’

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital