उपराज्यपाल किरण बेदी पर कोर्ट की अवमानना का केस करेंगे पुडुचेरी के सीएम नारायणसामी

उपराज्यपाल किरण बेदी पर कोर्ट की अवमानना का केस करेंगे पुडुचेरी के सीएम नारायणसामी

नई दिल्ली। केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में एक बार फिर मुख्यमंत्री वी नारायणसामी और उप राज्यपाल किरण बेदी के बीच घमासान शुरू हो गयी है।

मुख्यमंत्री नारायण सामी का आरोप है कि उप राज्यपाल किरण बेदी सरकार के कामकाज में दखल दे रही हैं और उन्होंने कई कल्याणकारी योजनाओं को लटका रखा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उप राज्यपाल किरण बेदी कई ऐसे काम कर रही हैं जिन्हे करने का उनके पास संवैधानिक अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि उपराज्यपाल वे किरण बेदी के खिलाफ अदालत की अवमानना की याचिका दायर करेंगे।

नारायणसामी ने कहा कि उन्होंने केंद्र शासित प्रदेश के लिए निर्वाचन आयुक्त के तौर पर एक अधिकारी को नियुक्त करने का फैसला किया था लेकिन बेदी ने इस फैसले पर भी सवाल उठाए।

पत्रकारों से बात करते हुए नारायण सामी ने कहा कि 30 अप्रेल को उच्च न्यायालय ने कहा था कि बेदी को सरकार के कामकाज में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। इसके बावजूद उप राज्यपाल किरण बेदी राज्य की कई कल्याणकारी योजनाओं को रोक रही हैं।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि ‘उपराज्यपाल किरण बेदी राज्य की प्रशासकीय प्रक्रियाओं के बारे में भी नहीं जानती है और प्रदेश के मंत्रिमंडल के हर फैसले को नकारती रही हैं।’ सामी ने यह भी कहा कि पुडुचेरी में जीएसटी लागू करने से हुए नुकसान के लिए अगस्त से बकाया 400 करोड़ रुपये का मुआवजा देने में केंद्र सरकार देरी कर रही है।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital