लुधियाना विस्फोट पर बोले सीएम चन्नी, ‘चुनाव से पहले अराजकता फ़ैलाने की हो रही कोशिश’

चंडीगढ़। पंजाब के लुधियाना में जिला अदालत परिसर में दोपहर को हुए विस्फोट पर मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि हमें लगता है कि आने वाले चुनाव को देखते हुए पंजाब में अराजकता फैलाने की कोशिश की जा रही है। इसके पीछे कौन है, इसके बारे में जांच चल रही है। बहुत जल्द खुलासा होगा। ये घटना निंदनीय है।
उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति की मौत हुई है, ऐसा लग रहा है कि वो बम को ऑपरेट कर रहा था। उसके अलावा 5 लोग घायल हुए हैं, चोटें गंभीर नहीं हैं। वे खतरे से बाहर हैं।
वहीँ इस घटना में घायल हुए लोगों को देखने पहुंचे पंजाब प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि मुझे बहुत दुख है और ये बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक पॉलिटिकल एजेंडे के लिए लोगों में डर फैलाया जा रहा है। ये नाकारात्मक राजनीति की पराकाष्ठा है कि बेकसूर लोगों की जान ली जा रही है। मेरा सवाल है कि पौने पांच साल सब कुछ ठीक था, ऐसा ही बंगाल में भी हुआ था।
उन्होंने कहा कि पौने पांच साल सब कुछ ठीक था, जब एक-दो महीने (पंजाब चुनाव के) रह जाते हैं तो बेअदबी, फिर बेअदबी और अब ये जघन्य अपराध। ये कौन सी लड़ाई है? जिस लड़ाई में राजा की जान को खतरा न हो वो लड़ाई नहीं राजनीति है।
वहीँ लुधियाना जिला अदालत परिसर में हुए विस्फोट पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने कहा कि लुधियाना से विस्फोट की ख़बर आई। जिन लोगों की मृत्यु हुई है उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना है। घायल लोगों की ज़ल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। 3-4 दिन पहले दरबार साहिब में बेअदबी का मामला हुआ और आज विस्फोट हुआ कुछ लोग पंजाब का माहौल खराब करना चाहते हैं।
इस घटना को लेकर पंजाब भारतीय जनता पार्टी के प्रभारी गजेंद्र सिंह शेखावत ने अमृतसर में कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा को लेकर पंजाब बहुत महत्वपूर्ण है। पिछले वर्षों में पंजाब भ्रष्टाचार, नशा खोरी, माफिया, रेत माफिया के कारण नशा, जुर्म और माफिया की गिरफ्त वाला प्रदेश बना है। आज भी लुधियाना में एक विस्फोट हुआ है।
गौरतलब है कि लुधियाना के जिला अदालत परिसर की दूसरी मंजिल पर बने शौचालय में विस्फोट हुआ। उस समय जिला अदालत की कार्यवाही चल रही थी। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि परिसर की एक दीवार क्षतिग्रस्त हो गई और परिसर में खड़े कुछ वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है।