चीन की सेना कर रही युद्ध अभ्यास, सीमा पर हेलीकॉप्टरों की आवाजाही बढ़ी

नई दिल्ली। भारत और चीन के सैनिको के बीच हिंसक झड़पों में भारत के 20 सैनिक शहीद हो गए हैं और 4 सैनिको की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। वहीँ लदाख सीमा पर चीन के हेलीकॉप्टरों की आवाजाही बढ़ गई है। इतना ही नहीं चीनी सेना युद्ध अभ्यास कर रही है। चीन ने सैनिक युद्ध अभ्यास का वीडियो जारी किया है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ और तीनो सेनाओ के प्रमुखों के साथ कई दौर की बातचीत की है। उन्होंने मौजूदा स्थिति पर विदेश मंत्री एस जयशंकर से भी बात की।
न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि ‘गलवान में सैनिकों की क्षति परेशान करने वाली और दर्दनाक है। हमारे सैनिकों ने अनुकरणीय साहस और वीरता का प्रदर्शन किया और भारतीय सेना की सर्वोच्च परंपराओं में अपने जीवन का बलिदान दिया।’
वहीँ चीन से टकराव की खबरों के बाद गुजरात और उत्तर प्रदेश के कई शहरो में चीन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हुए हैं। गुजरात में अहमदाबाद के बापू नगर में लोगों ने कल चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के फोटो जलाए।
पीएम की ख़ामोशी पर राहुल गांधी ने उठाये सवाल:
पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में भारत और चीन के सैनिको के बीच हुई हिंसक झड़पों में भारतीय सेना के एक अधिकारी सहित 20 सैनिको की मौत के बावजूद पीएम नरेंद्र मोदी की ख़ामोशी को लेकर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सवाल उठाये हैं।
राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि ‘पीएम मौन क्यों हैं। वह क्यों छिपा रहे हैं। अब बहुत हो चुका है। हमें जानना है कि आखिर क्या हुआ है। उन्होंने आगे कहा कि हमारे जवानों की हत्या करने का चीन ने दुस्साहस कैसे किया। उसने हमारी जमीन कब्जाने की हिम्मत कैसे की।’
वहीँ कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि ‘राहुल गांधी, कांग्रेस पार्टी व पूरा प्रतिपक्ष पर बार-बार केंद्र सरकार से गुहार लगाते रहें कि कुछ बताए कि आखिर बॉर्डर पर परिस्थितियां क्या हैं? चीन की सेना ने हमारी सरहदों में कहां तक कब्ज़ा कर लिया है और हमारी कितनी ज़मीन हड़प ली है।’
उन्होंने कहा कि ’20जवानों के शहादत से पूरे देश में भारी रोष है।पूरे देश को हमारे वीर सपूतों के शौर्य पर गर्व है उन्होंने अपने प्राणों की आहुति दें भारत मां की अस्मिता की रक्षा की है।चीनी सेना के इस दुस्साहस पर पीएम और मोदी सरकार ने मौन साध लिया है।’
शिवसेना ने दिया बयान:
शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा, सीमा पर जो हुआ उसके लिए हम जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी या राहुल गांधी को जिम्मेदार नहीं ठहरा सकते हैं। 20 जवानों की शहादत के लिए हम सभी जिम्मेदार हैं। प्रधानमंत्री जो भी फैसला लेंगे उसका सभी पार्टियां समर्थन करेंगी।