सर्वसम्मति से लिया गया रविवार को लॉकडाउन का निर्णय

सर्वसम्मति से लिया गया रविवार को लॉकडाउन का निर्णय

छिंदवाड़ा (गुड़डू कावले) : मध्य प्रदेश सरकार द्वारा राज्य में कोरोना संक्रमण के प्रबंधन को लेकर प्रत्येक रविवार को लॉकडाउन लागू किये जाने के लिए जारी किया गए आदेश को लेकर कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन की अध्यक्षता में आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में जिला आपदा प्रबंधन समिति की बैठक संपन्न हुई।

इस बैठक में कोविड-19 संक्रमण की वर्तमान परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुये सर्वसम्मति से प्रत्येक रविवार को संपूर्ण छिंदवाडा जिले में लॉकडाउन करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री विवेक अग्रवाल, अतिरिक्त कलेक्टर श्री राजेश बाथम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शशांक गर्ग, संयुक्त कलेक्टर श्री राजेश शाही, एसडीएम छिंदवाड़ा श्री अतुल सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री हिमांशु सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.जी.सी.चौरसिया, सिविल सर्जन डॉ.श्रीमती पी.गोगिया सहित समिति के शासकीय और अशासकीय सदस्य उपस्थित थे ।

बैठक में सर्वप्रथम कलेक्टर सुमन द्वारा समिति के सभी सदस्यों से जिले में रविवार को लॉकडाउन किये जाने के संबंध में सुझाव लिये गये जिस पर सर्वसम्मति से आगामी कुछ सप्ताहों तक प्रत्येक रविवार को संपूर्ण जिले में लॉकडाउन का निर्णय लिया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में कोविड-19 कोरोना संक्रमण का सामुदायिक स्तर पर प्रसार नहीं हुआ है, इसके लिये जिले के सभी नागरिक बधाई के पात्र हैं, जिन्होंने पूरी सावधानी बरतते हुये शासन-प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन कर अपनी भूमिका निभाई है, लेकिन खतरा अभी टला नहीं है, हमें पूरी सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज में स्थापित कोरोना वायरस टेस्टिंग लैब को मान्यता प्राप्त हो गई है, जिसके बाद आज रात की शिफ्ट से जिले की लैब में ही सैम्पल टेस्टिंग का काम शुरू हो जायेगा। किल कोरोना अभियान के संबंध में जानकारी देते हुये उन्होंने बताया कि जिले में सर्वे की प्रगति संतोषजनक है।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में ही कोविड-19 सैंपल की जांच प्रारंभ होने से आगामी दिवसों में अतिरिक्त सैंपल लेकर अभियान के तहत जांच कराई जायेगी। उन्होंने समिति के सभी सदस्यों के माध्यम से जिले के सभी नागरिकों से कोविड-19 के संक्रमण से बचाव के लिये पूरी सावधानी बरतने और प्रत्येक रविवार को लॉकडाउन के संबंध में जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने में सहयोग की अपील की।

TeamDigital