बेटी की शादी के नाम पर झांसा, लड़के वालो से पैसे की मांग

पहासू। स्थानीय एक गांव के युवक का रिश्ता अलीगढ जनपद के छर्रा के करीब के गांव से हुआ था। रीति रिवाज के मुताबिक पहले वर पक्ष के लोग लड़की वालो के यहां गोद भराई की रस्म पूरी कर शादी तय कर आये थे।
शादी की तारीख आने पर लड़के वालो की तरफ से बारात ले जाने की सभी तैयारियां पूरी हो गईं कि इस दौरान लड़की के पिता का फोन आया और लड़के के पिता से दो लाख रुपये की मांग की। इतना ही नहीं लड़की के पिता ने साफ़ तौर पर कहा कि यदि दो लाख रुपये की रकम नहीं दी गई तो वह अपनी बेटी की शादी नहीं करेगा।
चूंकि शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और बारात जाने की तैयारियां चल रही थीं। इसलिए लड़की के पिता की तरफ से अचानक आये फोन से परिवार के सभी लोग तनाव में आ गए। लड़के के परिजनों ने लड़की के पिता से पूछा कि आखिर वह अपनी बेटी की शादी के बदले पैसे की डिमांड क्यों कर रहा है। इस पर लड़की के पिता ने गोलमोल जबाव दिया और कहा कि यदि दो लाख रुपये शादी से पहले नहीं दिए तो बारात वापस लौटा दी जाएगी।
लड़की के पिता की तरफ से रकम की मांग के बाद यह शादी नहीं हुई लेकिन जब लड़के वालो ने लड़की के पिता और उसके परिवार के बारे में छानबीन की तो पता चला कि लड़की पक्ष के लोग पहले भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं। लड़की पक्ष के लोग पहले लड़का देखने जाते हैं। उसके बाद शादी तय कर देते हैं। इस दौरान गोद भराई में लड़का पक्ष की तरफ से मिले गहने और सामान को रख लेते हैं और शादी की तारीख करीब आने पर लड़का पक्ष से मोटी रकम की मांग करते हैं और शादी तोड़ देते हैं।
पीड़ित लड़का पक्ष के परिजनों ने बताया कि लड़की पक्ष के लोग इरादतन ठगी करने के उद्देश्य से लड़की की शादी करने का जाल बिछाते हैं और अब तक कई लोगों के साथ इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। परिजनों ने कहा कि शादी टूटने पर लड़की पक्ष के लोग लड़का पक्ष के लोगों को झूठे मुकदमो में फंसाने और बदनाम करने की धमकी भी देते हैं।