सपा सांसद डिंपल यादव पर की थी टिप्पणी, मौलाना साजिद रशीदी के खिलाफ मामला दर्ज

सपा सांसद डिंपल यादव पर की थी टिप्पणी, मौलाना साजिद रशीदी के खिलाफ मामला दर्ज

नई दिल्ली। मस्जिद में प्रवेश के दौरान पहनावे को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी और लोकसभा सांसद डिंपल यादव पर टिप्पणी करने वाले आल इंडिया इमाम एसोसिएशन के स्वयंभू अध्यक्ष मौलाना रशीदी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत हुआ है।

सपा नेता प्रवेश यादव की तहरीर पर मौलाना रशीदी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 79, 196, 197, 352, 353 और IT एक्ट की धारा 67 के तहत यूपी की राजधानी लखनऊ के थाना विभूतिखंड में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

गौरतलब है कि वीडियो में मौलाना साजिद रशीदी ने कहा कि सांसद डिंपल यादव बिना सिर ढके बैठी थीं। मौलाना रशीदी ने एक चैनल के कार्यक्रम में इसे लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। यह मामला दिल्ली के संसद मार्ग की मस्जिद में हुई सपा की बैठक से जुड़ा था, जिसमें डिंपल यादव, अखिलेश यादव और इकरा हसन मौजूद थे। मौलाना की ये टिप्पणी उसी सभा की तस्वीरों पर की गई थी।

मौलाना रशीदी की टिप्पणी को लेकर न सिर्फ विपक्ष बल्कि एनडीए के सांसदों ने भी महिला सम्मान का हवाला देते हुए इस पर कड़ा रुख दिखाया है। मौलाना साजिद रशीदी ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं। वे अक्सर बीजेपी को सपोर्ट करते हुए देखे गए हैं। उन्होंने वक्फ संशोधन कानून का भी खुलकर समर्थन किया था।

TeamDigital