अशोक गहलोत को मिला ट्राइबल पार्टी का साथ, सौंपा समर्थन पत्र

जयपुर। राजस्थान में चल रही उठापटक के बीच मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को भारतीय ट्राइबल पार्टी(बीटीपी) का समर्थन मिला है। भारतीय ट्राइबल पार्टी (बीटीपी) के विधानसभा में दो विधायक हैं।
बीटीपी के नेताओं ने आज मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात कर समर्थन पत्र सौपा। समर्थन पत्र में कहा गया है कि भारतीय ट्राइबल पार्टी अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार को अपना समर्थन देती है।
राजस्थान में 18 विधायक सचिन पायलट के साथ जाने के बाद अशोक गहलोत सरकार के अल्पमत में आने का खतरा पैदा हो गया था। ऐसे में भारतीय ट्राइबल पार्टी के दो विधायकों का समर्थन गहलोत सरकार के लिए ऑक्सीजन का काम करेगा।
200 सदस्यों वाली राजस्थान विधानसभा में कांग्रेस के कुल 107 विधायक हैं, वहीँ बीजेपी के पास 71 और निर्दलीय विधायको की तादाद 13 हैं। इनमे एक विधायक विपक्षी दल बीजेपी के साथ है वहीँ 12 निर्दलीय विधायक कांग्रेस के साथ हैं। विधानसभा में सत्तारूढ़ दल कांग्रेस को कुल 124 विधायकों का समर्थन हासिल था। इसमें 107 कांग्रेस के थे। राज्य में सरकार बनाने के लिए 101 विधायकों की आवश्यकता है।
लेकिन अब बदली हुई परिस्थितियों में 18 विधायक सचिन पायलट के साथ चले गए हैं। जिससे सत्तारूढ़ कांग्रेस के पास विधायकों की तादाद 106 बची है। हालाँकि कांग्रेस का दावा है कि अभी भी सरकार को कोई खतरा नहीं है।