अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने किया सुसाइड
नई दिल्ली। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने सुसाइड कर लिया है। न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने अपने बांद्रा वाले घर में फांसी लगाकर खुदकुशी की। पुलिस टीम घटनास्थल पर मौजूद है और जांच चल रही है।
सुशांत सिंह राजपूत द्वारा आत्महत्या करने के पीछे के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। अभी इस मामले में कोई जानकारी सामने नहीं आई है। फ़िलहाल पुलिस सभी एंगिल से जांच कर रही है।
उन्होंने अपने करियर की शुरुआत टीवी एक्टर के तौर पर की थी। लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा में तब आए थे जब उन्होंने भारतीय टीम के पूर्व कप्तान एम एस धोनी का किरदार निभाया था।
सुशांत सिंह राजपूत ने ‘किस देश में है मेरा दिल’ नाम के डेली सोप में काम किया पर उनको पहचान एकता कपूर के धारावाहिक ‘पवित्र रिश्ता’ से मिली। इसके बाद सुशांत को फिल्में भी मिलने लगीं। फिल्म ‘काय पो छे’ से उन्होंने अपना बॉलीवुड डेब्यू किया था। इस फिल्म के बाद उन्होंने ‘शुद्ध देसी रोमांस’ में वाणी कपूर और परिणीति चोपड़ा के साथ काम किया था।
सुशांत सिंह राजपूत को सबसे ज्यादा सुर्खियां तब मिलीं जब उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी की बायोपिक में काम किया था। इस फिल्म में उनके काम की जमकर सराहना हुई थी।