बॉलीवुड को एक और बड़ी क्षति, अभिनेता ऋषि कपूर का निधन

बॉलीवुड को एक और बड़ी क्षति, अभिनेता ऋषि कपूर का निधन

मुंबई। कल फिल्म अभिनेता इरफ़ान खान के आकस्मित निधन के बाद आज बॉलीवुड की एक और बड़ी क्षति हुई है। अभिनेता ऋषि कपूर का निधन हो गया है, वह 67 वर्ष के थे। ऋषि कपूर लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे।

ऋषि कपूर को तबीयत बिगड़ने के बाद बुधवार को मुंबई के एच. एन. रिलायंस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अमेरिका में कैंसर का इलाज कराने के बाद ऋषि कपूर पिछले साल सितंबर में भारत लौटे थे।

कपूर खानदान की ओर से संदेश जारी कर बताया गया कि गुरुवार सुबह 8.45 बजे ऋषि कपूर ने अंतिम सांस ली। वो ल्यूकेमिया नामक बीमारी से पिछले 2 साल से लड़ रहे थे। अस्पताल ने उनके लिए आखिरी दम तक कोशिश की।

पिछले साल वो जब विदेश से इलाज करवाकर वापस आए थे, तो काफी खुश थे और हर किसी से मिलना चाहते थे, लेकिन ये बीमारी दूर नहीं जा सकी।अमिताभ बच्चन ने ऋषि कपूर के निधन की जानकारी देते हुए ट्वीट कर लिखा- वो गया, ऋषि कपूर गए, अभी उनका निधन हुआ, मैं टूट गया हूं।

सोशल मीडिया पर लॉजिकल और अग्रेसिव कमेंट्स के लिए मशहूर ऋषि ने 2 अप्रैल के बाद ट्विटर अकाउंट पर कुछ भी पोस्ट नहीं किया। उन्होंने बीते दिनों दीपिका पादुकोण के साथ हॉलीवुड फिल्म “द इंटर्न” के रीमेक में काम करने की घोषणा भी की थी।

कपूर परिवार की तरफ से जारी एक सन्देश में कहा गया है कि दुनिया इस समय बहुत ही मुश्किल और मुसीबत भरे समय से गुजर रही है। लोगों के आने जाने और इकट्ठा होने पर तमाम तरह की बंदिशे हैं। ऋषि कपूर के घर वाले चाहते हैं कि लोग इस समय लागू कानून का सम्मान करें और उनकी अंतिम यात्रा में भीड़ न लगाएं।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital