सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड: मुंबई पहुंचे बिहार के पुलिस अधिकारी को बीएमसी ने किया क्वारंटाइन
मुंबई। फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड केस की जांच के लिए बिहार पुलिस की टीम मुंबई में हैं। जांच टीम में शामिल होने के लिए बिहार पुलिस के अधिकारी विनय तिवारी को मुंबई भेजा गया था लेकिन बीएमसी ने विनय तिवारी को क्वारंटाइन कर दिया।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस मामले में नाराज़गी जताई है। नीतीश कुमार ने कहा कि ‘उनके (विनय तिवारी) साथ जो हुआ वो गलत है। ये राजनीतिक नहीं है, बिहार पुलिस अपनी ड्यूटी कर रही है। हमारे डीजीपी उनसे बातचीत करेंगे।’
वहीँ बिहार के पुलिस अधिकारी विनय तिवारी को क्वारंटाइन किये जाने के मामले में बीएमसी ने कहा है कि ‘प्रशासन को बिहार पुलिस के एक अधिकारी (SP विनय तिवारी) के आने की सूचना मिली थी। घरेलू हवाई यात्री होने के नाते उन्हें 25मई की राज्य सरकार की नोटिफिकेशन के अनुसार होम क्वारंटाइन होना था। एक टीम ने उन्हें होम क्वारंटाइन अवधि में छूट के लिए आवेदन करने के लिए निर्देशित किया है।’
गौरतलब है कि सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड मामले में बिहार पुलिस ने अलग से जांच करने का फैसला लिया है। जांच के लिए बिहार पुलिस की एक टीम अब पहले मुंबई पहुंच चुकी है।
मुंबई पुलिस की जांच सही दिशा में: गृह मंत्री
वहीँ इस मामले में महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने कहा है कि मुंबई पुलिस की जांच एकदम सही दिशा में चल रही है। शिवसेना सांसद संजय राउत ने सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड मामले की जांच को लेकर कहा कि ‘मुंबई पुलिस सक्षम है। अगर मुंबई पुलिस जांच कर रही है तो उनके ऊपर विश्वास रखना चाहिए। जो लोग सरकार में नहीं हैं या सरकार से संबंधित नहीं है उनका जांच के बारे में टिप्पणी करना ठीक नहीं।’
