टिकिट बंटवारे को लेकर रार, बीजेपी कार्यालय में कार्यकर्ताओं की तोड़फोड़
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में टिकिट बंटवारे को लेकर बीजेपी में पैदा हुई रार आज पार्टी कारकर्ताओं के गुस्से में बदल गई और राज्य की दो विधानसभाओं में टिकिट बंटवारे से नाराज़ कार्यकर्ताओं ने अपनी ही पार्टी के खिलाफ प्रदर्शन किये और कार्यालय में तोड़फोड़ की।
जगतदल विधानसभा सीट पर बीजेपी ने अरिंदम भट्टाचार्य को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। इस क्षेत्र में अरिंदम भट्टाचार्य का ज़बरदस्त विरोध हो रहा है। पार्टी के टिकिट वितरण से नाराज़ भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अपना गुस्सा पार्टी के कार्यालय पर उतारा और जमकर तोड़फोड़ की। नाराज़ बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय के बाहर लगे बैनर पोस्टर फाड़ डाले और कार्यालय में रखीं कुर्सियों को भी तोड़ डाला।
एक बीजेपी प्रदर्शनकारी ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई को बताया कि हमे उम्मीदवार के तौर पर अरिंदम भट्टाचार्य किसी तरह स्वीकार नहीं हैं, हम अरुण ब्रह्मा को उम्मीदवार चाहते हैं।
वहीँ जलपाईगुड़ी सदर विधानसभा सीट पर भी टिकिट बंटवारे को लेकर पैदा हुई रार के बाद बीजेपी कार्यकर्त्ता सड़क पर उतर आये। भारतीय जनता पार्टी ने जलपाईगुड़ी सदर विधानसभा सीट पर सुजीत सिन्हा को उम्मीदवार घोषित किया है। पार्टी के फैसले से नाराज़ बीजेपी कार्यकर्ताओं ने डीबीसी रोड स्थित बीजेपी कार्यालय में घुसकर तोड़फोड़ की और पार्टी के झंडे बैनर उखाड़ दिए।
गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी ने आज पश्चिम बंगाल में हो रहे विधानसभा चुनाव के पांचवें, छठवें, सातवें और आठवें चरण के चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामो का एलान किया है।
