बंगाल में ताकत झोंकेगी बीजेपी, केंद्रीय नेताओं की फ़ौज के अलावा नड्डा, शाह हर महीने करेंगे दौरा

बंगाल में ताकत झोंकेगी बीजेपी, केंद्रीय नेताओं की फ़ौज के अलावा नड्डा, शाह हर महीने करेंगे दौरा

नई दिल्ली। बिहार में अपने अच्छे प्रदर्शन से गदगद भारतीय जनता पार्टी अब पश्चिम बंगाल में पूरी ताकत झोंकेगी। इसके लिए पार्टी ने अभी से अपने मोहरे सैट करना शुरू कर दिए हैं।

इतना ही नहीं बंगाल को फतह करने के लिए पार्टी ने एक दर्जन से अधिक केंद्रीय नेताओं की फ़ौज को अहम ज़िम्मेदारियाँ सौंपी हैं। साथ भी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह हर महीने पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक बंगाल में नाराज़ चल रहे बीजेपी नेताओं को मनाने की कवायद के तहत उनकी बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह से बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इसके अलावा पश्चिम बंगाल के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय के काम के बोझ हल्का करने के लिए पार्टी महासचिव बीएल संतोष को ज़िम्मेदारी दी गई है।

सूत्रों ने कहा कि ज़मीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए पार्टी जल्द ही प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करेगी। इसके तहत बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से बीजेपी अध्यक्ष जे पी नड्डा तथा पार्टी के कई वरिष्ठ नेता सीधा संवाद करेंगे।

सूत्रों ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के कुछ नेता भी बीजेपी के संपर्क में हैं और उनसे अंतिम दौर की बातचीत बाकी है। इतना ही नहीं तृणमूल कांग्रेस में सेंध लगाने के लिए पार्टी अलग से रणनीति पर काम कर रही है।

सूत्रों के मुताबिक पश्चिम बंगाल के अलग अलग इलाको के मुद्दों को लेकर कैलाश विजयवर्गीय को एक डिटेल रिपोर्ट बनाकर भेजने को कहा गया है। इस रिपोर्ट पर दिल्ली में बैठकर मंथन होगा।

वहीँ दूसरी तरफ बीजेपी की चालो से बेफिक्र दिख रहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपने पुराने वोट बैंक और प्रशांत किशोर की रणनीति के सहारे चुनाव में बीजेपी को शिकस्त देने की तैयारी में जुटी हैं। तृणमूल कांग्रेस नेताओं की माने तो पश्चिम बंगाल में बीजेपी के लिए पैर ज़माना आसान नहीं होगा। इसके अहम् वजह मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की लोकप्रियता और उनका आत्म विश्वास है।

TeamDigital