असम बीजेपी में बगावत, पार्टी ने 15 बागी नेताओं को दिखाया बाहर का रास्ता
गुवाहाटी। असम में भारतीय जनता पार्टी के अंदर पैदा हुए असंतोष के सुर आज उस समय और तेज हो गए जब पार्टी ने बागी 15 नेताओं के खिलाफ कार्यवाही करते हुए उन्हें 6 वर्ष के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया।
पार्टी ने जिन नेताओं पर आज कार्यवाही की है उसमे असम प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के उपाध्यक्ष दिलीप कुमार पॉल भी शामिल हैं। जिन 15 नेताओं को पार्टी से निष्कासित किया गया है उन्होंने विधानसभा चुनाव में टिकिट न मिलने पर बगावती तेवर दिखाए थे। इनमे दिलीप कुमार पॉल ने पार्टी उम्मीदवार के खिलाफ सिल्चर विधानसभा सीट पर निर्दलीय नामांकन किया है।
भाजपा प्रदेश महासचिव राजदीप रॉय ने कहा कि पार्टी के असम प्रदेश अध्यक्ष रंजीत कुमार दास ने तत्काल प्रभाव से अनुशासनात्मक कार्रवाई को मंजूरी दे दी है। भारतीय जनता पार्टी से निष्कासित किए गए 15 सदस्यों में से एक प्रदेश उपाध्यक्ष दिलीप कुमार पॉल भी हैं, जिन्होंने टिकट न मिलने पर भाजपा की सदस्यता से इस्तीफा दिया था और वह सिलचर से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं।
वहीँ माना जा रहा है कि बीजेपी के अंदर टिकिट वितरण को लेकर पैदा हुआ असंतोष अगले कुछ दिनों में और बढ़ सकता है। पार्टी के 15 नेताओं पर निष्कासन की कार्यवाही के खिलाफ बीजेपी नेता लामबंद होना शुरू हो गए हैं।
राज्य में सत्तारूढ़ बीजेपी के स्थानीय नेता रूठे नेताओं को मनाने की कोशिश में जुट गए हैं लेकिन असन्तुष्टो को मनाने में बीजेपी कितनी कामयाब होगी यह अगले कुछ दिनों में पता चल जाएगा।
गौरतलब है कि असम की 126 सीटों के लिए तीन चरणों में मतदान होंगे। चुनाव आयोग के मुताबिक असम विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 47 सीटों पर 27 मार्च को मतदान होगा। वहीं, दूसरे चरण में 1 अप्रैल को 39 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। तीसरे और अंतिम चरण में 6 अप्रैल को मतदान होगा। इस दौरान 40 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। वहीँ चुनाव परिणाम 2 मई को घोषित किये जायेंगे।
