हैदराबाद एनकाउंटर पर मेनका गांधी ने उठाये सवाल

हैदराबाद एनकाउंटर पर मेनका गांधी ने उठाये सवाल

नई दिल्ली। हैदराबाद में पुलिस द्वारा रेप और हत्या के चारो आरोपियों को एनकाउंटर में मार गिराए जाने पर सवाल उठना शुरू हो गए हैं। पुलिस का दावा है कि वह चारो आरोपियों को क्राइम सीन रिक्रिएट करने घटना स्थल पर लेकर आई थी। इस दौरान चारो आरोपियों ने मौके से भागने की कोशिश की।

हैदराबाद पुलिस द्वारा चारो आरोपियों का एनकाउंटर किये जाने के बाद अब पुलिस के तौर तरीको को लेकर सवाल उठ रहे हैं। बीजेपी सांसद मेनका गांधी ने कहा कि जो कुछ भी हुआ वह बहुत भयानक है देश के लिए, क्योंकि आप कानून को हाथ में नहीं ले सकते हैं।

उन्होंने कहा कि वैसे भी उनको फांसी मिलती. अगर आप उनको पहले ही बंदूक से मार दोगे, तो फिर फायदा क्या है, अदालत का, पुलिस का, कानून का। फिर आप बंदूक उठाओ और जिसको भी मारना है मारो।

फिलहाल माना जा रहा है कि एनकाउंटर को लेकर राज्य सरकार जांच के आदेश अवश्य दे सकती है। एनकाउंटर के पीछे पुलिस द्वारा बताई गई थ्योरी कुछ लोगों के गले नहीं उतर रही है।

गौरतलब है कि 27-28 नवंबर की दरम्यानी रात को हैदराबाद में महिला डॉक्टर के साथ हैवानियत की वारदात को अंजाम दिया गया था। महिला डॉक्टर का जला शव बेंगलुरु हैदराबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर अंडरपास के करीब मिला था। इसके बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को 29 नवंबर को गिरफ्तार किया था।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किये जाने के बाद पूछताछ में चारो आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया था। अपराध का पूरा सीन रिक्रिएट करने के लिए पुलिस टीम सभी आरोपियों को वारदात की जगह लेकर गई थी। इस दौरान चारो आरोपी भाग निकले तो पुलिस को गोली चलानी पड़ी। जिसमे सभी आरोपी मौके पर ही ढेर हो गए।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital