विकास दुबे की उज्जैन से गिरफ्तारी को लेकर उमा भारती ने उठाये सवाल

विकास दुबे की उज्जैन से गिरफ्तारी को लेकर उमा भारती ने उठाये सवाल

भोपाल ब्यूरो। पुलिस टीम पर हमले के मुख्य आरोपी विकास दुबे को जिस नाटकीय ढंग से कल उज्जैन के महाकाल मंदिर से गिरफ्तार किया गया था उसे लेकर खुद भारतीय जनता पार्टी के अंदर भी सवाल उठना शुरू हो गए हैं।

जहाँ एक तरफ गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इस प्रकरण की सीबीआई जांच से इंकार किया है वहीँ मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने सवाल दागते हुए पूरे मामले पर सवाल उठाये हैं।

उमा भारती ने ट्वीट कर कहा कि “देवेंद्र मिश्र जैसे ईमानदार डीएसपी एवं उनके साथ 8 पुलिस अधिकारी एवं सिपाहियों की निर्मम हत्या करने वाले राक्षस विकास दुबे को मार गिराने के लिए यूपी पुलिस को बधाई, यूपी पुलिस की जय हो। अभी भी उसने भाग निकलने की चेष्टा की किंतु वह मार गिराया गया।”

वहीँ अगले ही ट्वीट में उमा भारती ने तीन सवाल दागते हुए कहा कि “अब तीन बातें रहस्य की परत में हैं-(1) वह उज्जैन तक कैसे पहुंचा? (2) वह महाकाल परिसर में कितनी देर रहा? (3) उसका चेहरा टीवी पर इतना दिखा कि उसे कोई भी पहचान लेता तो उसको पहचाने जाने में इतना समय कैसे लगा?” उमा भारती ने आगे लिखा-मैं इस विषय पर सीएम और गृह मंत्री से बात करूंगी।

गौरतलब है कि विकास दुबे को कल उज्जैन के महाकाल मंदिर से गिरफ्तार किया गया था। सुरक्षा की दृष्टि महाकाल मंदिर में करीब 175 सीसी टीवी लगे हैं। वहीँ बिना आधार कार्ड के मंदिर में प्रवेश नहीं मिलता। ये कुछ ऐसे सवाल हैं जिनसे विकास दुबे की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की थ्योरी मेल नहीं खाती।

वहीँ दूसरी तरफ विकास दुबे का एनकाउंटर होने के बाद मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने सीबीआई जांच से इंकार किया है। गौरतलब है कि कल उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने विकास दुबे की उज्जैन से गिरफ्तारी को लेकर सवाल उठाये थे। कांग्रेस का कहना था कि नरोत्तम मिश्रा उज्जैन के रहने वाले हैं और वे चुनाव में कानपुर के प्रभारी रहे हैं। इसलिए विकास दुबे ने अपने सरेंडर के लिए उज्जैन को चुना।

TeamDigital