बीजेपी ने अपने सांसदों को जारी किया व्हिप, राज्य सभा में उपस्थित रहने को कहा

बीजेपी ने अपने सांसदों को जारी किया व्हिप, राज्य सभा में उपस्थित रहने को कहा

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने अपने सांसदों को व्हिप जारी कर मंगलवार को राज्य सभा में अनिवार्य रूप से मौजूद रहने को कहा है। माना जा रहा है कि बीजेपी मंगलवार को कुछ और बिल सदन में पास करवाना चाहती है।

बीजेपी द्वारा जारी किये गए तीन लाइनों के व्हिप में राज्य सभा सांसदों से सदन में मौजूद रहने और सरकार के रुख का समर्थन करने की नसीहत की गई है। कयास लगाए जा रहे हैं कि मानसून सत्र में कई अहम बिलो को पास कराने के तहत सरकार की तरफ से मंगलवार को किसी बिल को रखा जा सकता है।

माना जा रहा है कि रविवार को कृषि विधेयकों को बिना चर्चा ध्वनि मत से पास कराये जाने के बाद मचे बवाल के बाद अब सरकार की तरफ से बेहद सावधानी वरती जायेगी। अकाली दल के सरकार से अलग होने के बाद अब राज्य सभा में सरकार के समर्थक सदस्यों की संख्या में अकाली दल के तीन सदस्य कम हो गए हैं।

रविवार को राज्य सभा में हुए हंगामे के बाद 8 सांसदों को मानसून सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया है। निलंबित सांसद संसद परिसर में धरने पर बैठे हुए हैं और निलंबन रद्द होने तक धरना जारी रखने की बात कह चुके हैं।

संख्या बल के हिसाब से देखा जाए तो बीजेपी के पास आज भी राज्य सभा में पर्याप्त संख्या नहीं है। ऐसे में यदि किसी बिल पर सदन में मत विभाजन की नौबत आती है तो बीजेपी को एआइएडीएमके, जेडीयू, बीजेडी, टीआरएस और वाईएसआर कांग्रेस का मुंह देखना पड़ेगा।

कृषि विधेयकों को बिना चर्चा और मत विभाजन के पास कराये जाने के मुद्दे पर विपक्ष सरकार पर पहले ही हमलावर हो चुका है। रविवार को राज्य सभा में ध्वनि मत से पारित कराये गए बिलो के खिलाफ कांग्रेस के नेतृत्व में 15 राजनैतिक दलों के नेताओं ने राष्ट्रपति को एक संयुक्त पत्र लिखा है। इस पत्र में राष्ट्रपति से बिल को स्वीकृति न देने की अपील की गई है।

TeamDigital