म.प्र: पुतला दहन की राजनीति, भाजपा ने कमलनाथ तो कांग्रेस ने शिवराज सरकार का पुतला फूंका
पांढुर्ना(गुड़डू कावले)। मध्य प्रदेश में कांग्रेस और बीजेपी के बीच उपचुनाव के लिए बढ़ती रस्साकशी के बीच रविवार की दोपहर शहर की दो राजनीतिक पार्टियों के नेता आमने सामने आ गए और दोनों दलों के नेताओं ने एक दूसरे के विरुद्ध नारेबाजी करते पुतले फूंके।
जहां भाजपा के प्रदेशव्यापी आवाहन पर शहर के अंबिका चौक में नगरपालिका उपाध्यक्ष अरुण भोसले,रामेश्वर खोड़े पार्षद नरेंद्र ठाकुर सतीश बाबल, उमेश उरकुडे, पंकज बंजारी अन्य भाजपाइयों की उपस्थिति में मध्यप्रदेश पूर्व मुख्यंत्री कमलनाथ का पुतला दहन किया गया वहीँ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी डॉ साहेबराव टोम्पे, विधायक नीलेश उइके, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील बुधराजा, मो सिराज ने एसडीएम सुश्री मेघा शर्मा और थाना प्रभारी राजेश चौहान के सामने अपनी आपत्ति दर्ज कर बताया कि प्रशासन ने भाजपाइयों को कमलनाथ जी का पुतला दहन करने से रोकना चाहिए।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कमलनाथ प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री के अलावा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भी है। साथ ही जिले के सर्व माननीय नेता है। भाजपाइयों द्वारा पुतला जलाने का हम घोर विरोध करते हैं।
जिसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में शहर के तीन शेर चौक, दादा दरबार के सामने मध्यप्रदेश शासन को नाकाम बताते हुये प्रदेश की शिवराज सरकार का पुतला फूंका।

इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कोरोना संक्रमण से प्रदेश में हाहाकार मचा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में कोरोना मरीजों की निरंतर बढ़ रही तादाद और डीजल पेट्रोल के बढ़ते दामों और क्षेत्र में महंगाई के विरोध में मध्यप्रदेश सरकार का पुतला दहन कर मध्य प्रदेश सरकार के खिलाफ नारे लगाएं।
