दिल्ली, महाराष्ट्र सहित 9 राज्य बर्ड फ्लू की चपेट में

दिल्ली, महाराष्ट्र सहित 9 राज्य बर्ड फ्लू की चपेट में

नई दिल्ली। कोरोना महामारी के लिए वैक्सीन के ड्राई रन के बीच अब बर्ड फ्लू ने दस्तक दे दी है। दिल्ली और महाराष्ट्र सहित देश के 9 राज्यों के बर्ड फ्लू के चपेट में आने की पुष्टि हुई है। इससे पहले केरल, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, गुजरात और उत्तर प्रदेश में बर्ड फ्लू फैलने की पुष्टि हो चुकी है।

दिल्ली सरकार के पशुपालन विभाग ने मरे हुए कौवौं और बत्तखों को जांच के लिये जालंधर की प्रयोगशाला में भेजा था। विभाग से सोमवार को मिली जानकारी के अनुसार मरे हुए कौवों और बतखों के आठ नमूनों की जांच में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है है।

बर्ड फ्लू के खतरे को देखते हुए दिल्ली सरकार ने राजधानी में बर्ड फ्लू की आशंका में पूर्वी दिल्ली स्थित मुर्गा मंडी को नौ जनवरी को ही 10 दिन के लिये बंद कर दिया था और जीवित पक्षियों के राजधानी में लाने पर प्रतिबंध लगा दिया था।

बर्ड फ्लू को देखते हुए राज्यों/संघ शासित क्षेत्रों के मुख्य सचिवों/ प्रशासकों को भेजे पत्र में सचिव डीएएचडी ने राज्य पशुपालन विभागों से बीमारी की स्थिति पर नजर रखने के लिए स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ प्रभावी संवाद और समन्वय सुनिश्चित करने तथा इंसानों में बीमारी के प्रसार की संभावनाओं से बचने का अनुरोध किया है।

इसके अलावा, जल स्रोतों, पक्षी बाजारों, चिड़ियाघरों, पोल्ट्री फार्म्स आदि के आस-पास निगरानी बढ़ा दी गई है, पक्षियों के अवशेषों का उचित निस्तारण और पोल्ट्री फार्म्स में मजबूत जैव सुरक्षा सुनिश्चित की गई है। राज्यों से भी एवियन फ्लू की किसी घटना को लेकर तैयार रहने का अनुरोध किया गया है और पक्षियों को मारने के अभियान के लिए पीपीई किट्स और एसेसरीज का पर्याप्त भंडार सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital