राजस्थान में मंत्रिमंडल के पुनर्गठन से पहले सभी मंत्रियों के इस्तीफे

राजस्थान में मंत्रिमंडल के पुनर्गठन से पहले सभी मंत्रियों के इस्तीफे

जयपुर। राजस्थान में अशोक गहलोत सरकार के मंत्रिमंडल के पुनर्गठन से पहले सरकार के सभी मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया है। रविवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में मंत्रिमंडल के पुनर्गठन पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी।

इससे पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के आवास पर मंत्रिमंडल की बैठक संपन्न हुई। बैठक संपन्न होने के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजभवन में राज्यपाल कालराज मिश्र से मुलाकात की।

इससे पहले गोविंद सिंह डोटासरा, हरीश चौधरी और रघु शर्मा ने शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को लिखित में अपना इस्तीफा दे दिया था। माना जा रहा है कि गोविन्द सिंह डोटासरा को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद की ज़िम्मेदारी संभालने के चलते तथा हरीश चौधरी को पंजाब व रघु शर्मा को गुजरात कांग्रेस का प्रभारी बनाये जाने के चलते मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने के लिए कहा गया था।

वहीँ सूत्रों की माने तो नए मंत्रिमंडल में सचिन पायलट समर्थक विधायकों को भी एडजेस्ट कर मंत्री बनाये जाने के लिए कहा गया है। नए मंत्रिमंडल में कम से कम 5 से 7 मंत्री सचिन पायलट खेमे से बनाया जाना तय है।

सूत्रों के मुताबिक, कल प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में होने जा रही पीसीसी की बैठक के बाद कल ही नए मंत्रियों को शपथ ग्रहण कराई जा सकती है। इस बैठक में प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी अजय माकन भी मौजूद रहेंगे।

राजस्थान कैबिनेट फेरबदल पर प्रताप सिंह खाचरियावास ने बताया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक हुई और सभी मंत्रियों के इस्तीफे हो चुके हैं। कल 2 बजे सभी मंत्री कांग्रेस कार्यालय में इकट्ठा होंगे। जिसके बाद मुख्यमंत्री और अजय माकन तय करेंगे कि किसको कहां जाना है।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital