अब इस मामले में फंसी कंगना, एक और आपराधिक शिकायत दर्ज

मुंबई। फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत के खिलाफ एक और आपराधिक शिकायत दर्ज कराई गई है। यह शिकायत मुंबई के अंधेरी कोर्ट में कंगना के उस ट्वीट के लिए की गई है जिसमे उसने मुंबई पुलिस द्वारा समन भेजे जाने का उपहास उड़ाते हुए मुंबई पुलिस के लिए “महाराष्ट्र के पप्पूप्रो” जुमले का इस्तेमाल किया है।
दरअसल, पिछले दिनों कंगना और उसकी बहिन रंगोली चंदेल के ट्वीट और बयानों पर शिकायत की सुनवाई के बाद बांद्रा मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट की अदालत ने मुंबई पुलिस को जांच करने के आदेश दिए थे।
कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए मुंबई पुलिस ने कंगना रनौत और उसकी बहिन रंगोली चंदेल को पूछताछ के लिए अगले हफ्ते पेश होने के लिए समन भेजा था। मुंबई पुलिस से समन मिलने को लेकर कंगना ने ट्वीट कर मुंबई पुलिस को महाराष्ट्र के पप्पूप्रो कहा।
कंगना के इस ट्वीट को लेकर वकील अली कासिफ खान देशमुख ने कंगना रनौत पर राजद्रोह और अपने ट्वीट से दो धार्मिक समूहों के बीच विवाद पैदा करने का आरोप लगाया। अंधेरी कोर्ट में दी गई शिकायत में कहा गया कि बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत भारत के विभिन्न समुदायों, कानूनों और अधिकृत सरकारी निकायों का कोई सम्मान नहीं करतीं और उन्होंने न्यायपालिका का मजाक भी उड़ाया।
शिकायत में कहा गया कि बांद्रा अदालत द्वारा पुलिस को कंगना रनौत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश देने के बाद, रनौत ने न्यायपालिका के खिलाफ ‘दुर्भावनापूर्ण और अपमानजनक’ ट्वीट पोस्ट कर इसे ‘पप्पू सेना’ कहा था। इस मामले की सुनवाई 10 नवंबर को अंधेरी अदालत में होगी।
गौरतलब है कि सुशांत सिंह राजपूत की मौत मामले के बाद कंगना रनौत ने बॉलीवुड के कुछ लोगों को अपने निशाने पर लिया था। इतना ही नहीं कंगना रनौत ने मुंबई की तुलना पीओके से भी की। बीएमसी द्वारा कंगना के ऑफिस पर अनधिकृत निर्माण ढहाए जाने के बाद कंगना रनौत ने उद्धव सरकार और मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे का नांम लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी भी की थी।