पीएम केयर्स पर उठाये थे सवाल, सोनिया गांधी के खिलाफ बिहार में भी मामला दर्ज

पीएम केयर्स पर उठाये थे सवाल, सोनिया गांधी के खिलाफ बिहार में भी मामला दर्ज

नई दिल्ली। देश में फैले कोरोना संक्रमण के बीच पीएम केयर्स फंड की स्थापना को लेकर कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा उठाये गए सवालो से बौखलाई भारतीय जनता पार्टी अलग अलग राज्यों में मामले दर्ज करा रही है।

सोनिया गांधी ने पीएम केयर्स फंड की आवश्यकता और पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाये थे। इस पर कर्नाटक के बाद अब पटना के कंकड़बाग थाने में भाजपा के मीडिया प्रभारी रह चुके पंकज सिंह ने यह केस दर्ज कराया है।

उन्होंने आरोप लगाया है कि पीएम केयर फंड पर सवाल उठाकर सोनिया गांधी लोगों को भड़का रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ आईपीसी की धारा 504, 505 (1) बी, 505 (2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पंकज सिंह के अनुसार, पीएम केयर फंड को लेकर कांग्रेस की ओर से लोगों के बीच भ्रम फैलाया जा रहा है। इससे लोगों में गलत संदेश जा रहा है, जबकि पीएम केयर फंड में कोई भी आदमी छाेटी से छोटी राशि काे भी जमा कर सकता है।

बता दें कि इस पूरे मामले को लेकर सोनिया गांधी के खिलाफ कर्नाटक में भी दो दिन पहले केस दर्ज किया गया था। कर्नाटक के शिवमोगा जिले में सागर कस्बे की पुलिस ने प्रवीण के वी नामक व्यक्ति की शिकायत पर केस दर्ज किया था। कर्नाटक में आईपीसी की धारा 153 और 505 (1) (बी) के तहत मामला दर्ज किया गया था।

TeamDigital