पश्चिम बंगाल में अमित शाह का रोड शो, विधानसभा चुनाव में कमल खिलने का दावा
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने अभी से ही पूरी ताकत झोंकना शुरू कर दिया है। शनिवार को दो दिन के दौरे पर पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को बीरभूम ज़िले में हनुमान मंदिर स्टेडियम रोड से बोलपुर सर्कल तक रोड शो किया।
रोड शो के बाद मीडिया से बात करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि इस ऐतिहासिक रोड शो में में उपस्थित भाइयों और बहनों को मैं नमस्कार करता हूं और भाजपा की तरफ से आप सभी का आभार भी व्यक्त करता हूं। भाजपा का अध्यक्ष रहते हुए मैंने बहुत सारे रोड शो देखे परन्तु आज जैसा रोड शो मैंने अपनी जिंदगी में आज तक नहीं देखा।
उन्होंने कहा कि जनता तय कर चुकी है कि दीदी चुनाव के मैदान में आ जाओ इस बार कमल खिलेगा। बंगाल की जनता परिवर्तन चाहती है। ये बंगाल के विकास के लिए परिवर्तन है। ये परिवर्तन बांग्लादेश से घुसपैठ को रोकने के लिए है। यह परिवर्तन हिंसा को समाप्त करने के लिए है।
अमित शाह ने कहा कि कुछ दिन पहले हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष के बंगाल दौरे के दौरान उनपर TMC के कार्यकर्ताओं ने जिस तरह से हमला किया था, उसकी भाजपा निंदा करती है और मैं व्यक्तिगत रूप से भी इसकी निंदा करता हूं।
शाह ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष पर ये हमला सिर्फ भाजपा अध्यक्ष पर हमला नहीं है, यह बंगाल के अंदर लोकतंत्र की व्यवस्था पर हमला है। इसकी ज़िम्मेदारी TMC सरकार और TMC कार्यकर्ताओं की है। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने तय किया है कि हम हिंसा का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देंगे और आने वाले चुनाव में इस सरकार को हराकर दिखाएंगे।
अमित शाह ने पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि बंगाल में राजनीतिक हिंसा चरम सीमा पर है, 300 से ज्यादा भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्याएं कर दी गई हैं और उसकी जांच में एक इंच भी प्रगति दिखाई नहीं देती।
उन्होंने कहा कि मोदी जी ने देश के 10 करोड़ किसानों को 95 हजार करोड़ रूपये की सहायता विगत ड़ेढ साल के अंदर दी है। यह सहायता बंगाल के एक भी किसान को नहीं मिली क्योंकि ममता दीदी ने सूची नहीं भेजती हैं।
ममता और तृणमूल कांग्रेस ने किया पलटवार:
वहीँ अमित शाह के आरोपों के जबाव में रविवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस ने बीजेपी पर हमला बोला। ममता बनर्जी ने केंद्र पर राज्य के कामकाज में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया।
ममता बनर्जी ने ट्वीट कर कहा कि केंद्र सरकार निर्लज्जता के साथ राज्य सरकार के कामकाज में हस्तक्षेप कर रही है। वह पुलिस अधिकारियों का तबादला कर रही है। उन्होंने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत तथा डीएमके नेता एमके स्टालिन का आभार जताया, जिन्होंने बंगाल के साथ एकजुटता दिखायी है।
