अमित शाह की तबियत बिगड़ी, एम्स में भर्ती
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की तबियत बिगड़ने के बाद उन्हें दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था। जानकारी के मुताबिक शाह को कल रात दो बजे एम्स में भर्ती कराया गया।
एम्स सूत्रों के मुताबिक, अमित शाह को सांस लेने में तकलीफ, थकान, सिरदर्द और हल्का बुखार होने की स्थति में एम्स लाया गया था। उन्हें चिकित्स्कों की एक टीम की निगरानी में रखा गया है।
एम्स की तरफ से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि गृहमंत्री अमित शाह बीते तीन-चार दिनों से थकान और शरीर में दर्द और सांस लेने में कुछ तकलीफ का अनुभव कर रहे थे। उनकी कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। उन्हें एम्स के पोस्ट कोविड केयर में भर्ती कराया गया है, वह ठीक हैं और उनकी कई तरह की जांच की गई हैं।
शाह को हाल ही में कोरोना के इलाज के बाद गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल से छुट्टी मिली थी। उनकी कोरोना रिपोर्ट नेटगेटिव आने के बाद उन्हें मेदांता से छुट्टी दी गई थी।
मेदांता से रिलीज किये जाने से पहले अमित शाह ने ट्वीट करके जानकारी दी थी कि उनकी कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आई है। ‘आज मेरी कोरोना टेस्ट रिपोर्ट नेगेटिव आई है। मैं ईश्वर का धन्यवाद करता हूं और इस समय जिन लोगों ने मेरे स्वास्थ्यलाभ के लिए शुभकामनाएं देकर मेरा और मेरे परिजनों को ढांढस बंधाया उन सभी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। डॉक्टर्स की सलाह पर अभी कुछ और दिनों तक होम आइसोलेशन में रहूंगा।’
