अखिलेश ने याद दिलाया, “सबसे बेहतरीन एयरक्राफ्ट जिनकी नींबू-मिर्च लगाकर पूजा की गई थी”
नई दिल्ली। लोकसभा में आज सपा प्रमुख और कन्नौज से सांसद अखिलेश यादव ने ऑपरेशन सिंदूर की चर्चा में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हम युद्ध नहीं चाहते हैं लेकिन सीमा पर शांति बनी रहे।
उन्होंने कहा कि ये लड़ाई पाकिस्तान से नहीं बल्कि चीन से लड़ी गई। हमारे सबसे बेहतरीन एयरक्राफ्ट जिनकी नींबू-मिर्च लगाकर पूजा की गई थी। वो एयरक्राफ्ट कितने उड़े? हम कुछ और नहीं जानना चाहते हैं। हमे अपने एयरफोर्स पर गर्व है।
अखिलेश यादव ने अपने संबोधन के दौरान सरकार पर एक कविता के जरिए भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ‘मैं दुनिया को बनाने में लगा हूं, मेरा घर मुझसे रूठा जा रहा है’। उन्होंने आगे कहा कि मैं भारत की सेना का आभार और धन्यवाद देना चाहता हूं। भारत की सेना की गिनती दुनिया की पराक्रमी सेनाओं में होती है।
अखिलेश के सवाल पर अमित शाह ने किया जवाबी हमला:
ऑपरेशन सिंदूर पर लोकसभा में अपने संबोधन के दौरान गृहमंत्री अमित शाह से अखिलेश यादव ने सवाल किया। इस समय शाह भारत-पाकिस्तान के संघर्ष पर बात कर रहे थे।
इसके जवाब में अमित शाह ने कहा कि ‘आपकी पाकिस्तान से बात होती है क्या? और फिर अखिलेश को बैठने के लिए कहा। इसके बाद अखिलेश यादव ने लोकसभा में संबोधित करते हुए सरकार से कई सवाल किए। उन्होंने कहा कि ‘आज जब हम संसद में यह चर्चा कर रहे हैं, तो सरकार को बताना चाहिए कि देश का कुल क्षेत्रफल कितना है।’
