पीएम मोदी से मिले वायु सेना चीफ, लगने लगे पाकिस्तान पर हमले के कयास
नई दिल्ली। पहलगाम हमले को लेकर जहां पीएम मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और गृहमंत्री अमित शाह पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कार्यवाही की बात कह चुके हैं, वहीं भारत की तरफ से पाक के खिलाफ लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
इनमें सिंधु जल रोकने, एयर स्पेस बंद करने और पाक के साथ सभी तरह के आयात और निर्यात पर प्रतिबंध लगाए जाने के फैसले शामिल हैं।
इस बीच रविवार को वायु सेना प्रमुख अमरप्रीत सिंह ने पीएम मोदी से मुलाकात की है। इससे पहले नेवी चीफ भी पीएम मोदी से मिले थे। पहलगाम हमले के बाद पीएम मोदी अबतक तीनों सेना प्रमुख से अलग अलग मुलाकात कर चुके हैं।
वायुसेना प्रमुख की पीएम से मुलाकात के बाद अब कयास लगाने शुरू हो गए हैं कि भारत जल्द पाकिस्तान पर कोई बड़ी कार्यवाही कर सकता है।
गौरतलब है कि 22 अप्रैल को पहलगाम हमले के बाद पीएम मोदी ने पहली बार 26 अप्रैल को सीसीएस की बैठक की थी। बैठक में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ अनिल चौहान और तीनों सेना प्रमुखों ने एक बैठक की।
