अहमदाबाद से लंदन जा रहा एयर इंडिया का प्लेन क्रैश, 242 यात्री थे सवार

अहमदाबाद से लंदन जा रहा एयर इंडिया का प्लेन क्रैश, 242 यात्री थे सवार

अहमदाबाद। गुजरात के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास गुरुवार दोपहर एयर इंडिया की फ्लाइट क्रैश हो गई। यह विमान अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रहा था और इसमें 242 लोग सवार थे, जिनमें 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर शामिल थे।

हादसे के बाद विमान दुर्घटना स्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के मुख्यमंत्री से बात की है और सभी केंद्रीय सहायता का वादा किया है।

वहींं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू से बात की और अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान दुर्घटना की घटना का जायजा लिया। नायडू ने प्रधानमंत्री को बताया कि वे बचाव और राहत कार्यों की निगरानी के लिए अहमदाबाद जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने मंत्री को निर्देश दिया है कि वे सभी आवश्यक सहायता तत्काल उपलब्ध कराएं और स्थिति के बारे में नियमित रूप से अपडेट रहने को कहा है। सभी संबंधित एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और समन्वित प्रयास जारी हैं। राममोहन नायडू के कार्यालय की तरफ से यह बयान जारी किया गया है।

इस दुर्घटना के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने गृह मंत्री अमित शाह और नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से बात की। उन्होंने उनसे अहमदाबाद जाकर यह सुनिश्चित करने को कहा है कि विमान दुर्घटना के बाद प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता दी जाए।

बताया जा रहा है कि हादसा टेकऑफ के तुरंत बाद मेघानीनगर इलाके में हुआ, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। विमान बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर था, जो लंबी दूरी की उड़ान के लिए पूरी तरह ईंधन से भरा हुआ था। इससे हादसे के बाद भीषण आग और घना काला धुआं उठता देखा गया।

घटना दोपहर 1:38 बजे हुई, जब विमान ने टेकऑफ किया और कुछ ही सेकंड बाद मेघानीनगर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद वस्त्रापुर और धरपुर तक धुएं का गुबार दिखाई दिया।

आपातकालीन सेवाएं तुरंत सक्रिय हो गईं। सात से अधिक दमकल गाड़ियां और कई एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंचीं, जहां रेस्क्यू ऑपरेशन जोर-शोर से चल रहा है। स्थानीय लोग भी यात्रियों की मदद के लिए आगे आए हैं। अभी तक हताहतों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

TeamDigital