इंडिया गठबंधन में शामिल होने के लिए AIMIM ने लालू को लिखी चिट्ठी, राजद से मिला ये जवाब
पटना। बिहार में विधानसभा चुनावो की हलचल के बीच असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव को पत्र लिखकर महागठबंधन में शामिल करने की अपील की है।
AIMIM का कहना है कि विगत 2015 से बिहार की राजनिति में AIMIM पार्टी अपनी सक्रिय भूमिका निभा रही है, पार्टी का पहले ही दिन से प्रयास रहा है कि चुनाव के समय सेकुलर वोटों का बिखराव ना हो।
पत्र में कहा गया है कि चुनाव में सेक्युलर वोटों के बंटवारे को रोकने और सांप्रदायिक ताकतों से मुकाबला करने के लिए उसका गठबंधन में शामिल होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि विगत विधानसभा एवं लोक सभा चुनाव के समय महागठबंधन में शामिल होने की इच्छा व्यक्त की थी, किन्तु हमारा प्रयास सफल नहीं हो सका।
वर्ष 2025 विधानसभा का चुनाव हमारे सामने है, इसलिए पुन: हमारी इच्छा है कि AIMIM पार्टी को महागठबंधन में शामिल किया जाय।
बिहार AIMIM अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने यह भी बताया कि उन्होंने इस विषय में आरजेडी, कांग्रेस और वामदलों के कई वरिष्ठ नेताओं से मौखिक और टेलीफोनिक बातचीत की है।
RJD ने दिया ये जवाब:
आल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) की तरफ से इंडिया गठबंधन में शामिल होने की पहल पर राष्ट्रीय जनता दल के सांसद मनोज कुमार झा ने कहा कि अगर AIMIM सच में चुनाव में तेजस्वी यादव की मदद करना चाहती है तो वह अपने उम्मीदवार खड़े न करे। उन्होंने कहा कि चुनाव न लड़ना भी मदद करना है।
AIMIM के पत्र का सकारात्मक जवाब न देते हुए राष्ट्रीय जनता दल सांसद मनोज झा ने कहा कि एआईएमआईएम को चाहिए कि वह बिहार में चुनाव से दूर रहे और महागठबंधन का सैद्धांतिक समर्थन करे।
