अहिंसा समाज पार्टी ने जातिगत जनगणना कराने के सरकार के फैसले का किया स्वागत
भोपाल। जातिगत जनगणना कराने के केंद्र सरकार के निर्णय पर विपक्षी दलों की प्रतिक्रिया आनी शुरू हो गई हैं।
विपक्षी दलों ने मोदी सरकार के जातिगत जनगणना कराने के फैसले का स्वागत किया है। इसी क्रम में अहिंसा समाज पार्टी ने मोदी सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए इसे एक जरूरी कदम बताया हैं।
अहिंसा समाज पार्टी के राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष क्यू एम नवेद ने मोदी सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि देश में जातिगत जनगणना बहुत पहले कराई जानी चाहिए थी।
उन्होंने कहा कि जातिगत जनगणना से तय होगा कि देश में किस जाति की जनसंख्या कितनी है और देश के संसाधनों में उसको कितनी भागीदारी मिल रही है।
क्यू एम नवेद ने कहा कि जातिगत जनगणना से सरकार को समाज के कमजोर वर्गों के लिए योजनाएं बनाने में लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि जातिगत जनगणना का काम काफी पहले होना चाहिए था लेकिन अब भी कोई देर नहीं हुई है और अहिंसा समाज पार्टी सरकार के इस कदम का स्वागत करती है।
अहिंसा समाज पार्टी के राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष ने कहा कि देश में गैर एनडीए दल पिछले काफी समय से जातिगत जनगणना का मुद्दा सड़क से संसद तक उठाते रहे हैं और सही मायने में सरकार का निर्णय विपक्षी दलों की बड़ी जीत है।
