आगरा के मेयर का पत्र- हालात चीन के वुहान जैसे होने का डर, प्रियंका ने योगी सरकार को घेरा

आगरा के मेयर का पत्र- हालात चीन के वुहान जैसे होने का डर, प्रियंका ने योगी सरकार को घेरा

आगरा। कोरोना वायरस का हॉटस्पॉट बने आगरा में प्रतिदिन कोरोना संक्रमित मरीजों की तादाद बढ़ रही है। इस बीच आगरा के मेयर नवीन जैन के प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भावनात्मक पत्र लिखकर आगरा के हालातो पर चिंता जताई है।

पत्र में नवीन जैन ने कोरोना संक्रमित मरीजों की प्रतिदिन बढ़ती तादाद को लेकर कहा है कि “आगरा शहर में हालात खराब हैं और रोज नए मरीज निकल रहे हैं। अगर सही प्रबंध नहीं हुआ तो मामला हाथ से निकल जाएगा और आगरा देश का वुहान बन सकता है।”

मेयर नवीन जैन ने लिखा कि स्थानीय प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने में नकारा साबित हुआ है। जिला प्रशासन द्वारा शहर में बनाए गए हॉटस्पॉट और क्वारंटाइन सेंटर में कई-कई दिनों तक जांच नहीं हो पा रही है। सरकारी अस्पतालों में कोरोना मरीजों को छोड़कर किसी अन्य मरीज का इलाज भी नहीं किया जा रहा है।

पत्र में कहा गया कि आगरा के मुख्य चिकित्सा अधिकारी जिला अस्पतालों की व्यवस्था को नहीं संभाल पा रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारी अपने घरो से बाहर नहीं निकल रहे, केवल 15-20 मिनट फोटोग्राफी कराने के उद्देश्य से ही निकलते हैं, जिससे रिकॉर्ड रखा जा सके।

पत्र में निराशा ज़ाहिर करते हुए आगे कहा गया है कि इनके क्रियाकलापों की वजह से आम जनमानस भाजपा की सरकार और जनप्रतिनिधियों को कोस रही है तथा आम जनता का काफी रोष व्याप्त है।

आगरा में मेयर नवीन जैन का पत्र प्रकाश में आने के बाद कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश सरकार से पारदर्शिता और गंभीरता दिखाने की अपील की है।

प्रियंका गांधी ने कहा कि ‘आगरा शहर में हालात खराब हैं और रोज नए मरीज निकल रहे हैं। आगरा के मेयर का कहना है कि अगर सही प्रबंध नहीं हुआ तो मामला हाथ से निकल जाएगा।’

उन्होंने कहा कि कल भी मैंने इसी चीज को उठाया था। पारदर्शिता बहुत जरूरी है। टेस्टिंग पर ध्यान देना जरूरी है। कोरोना को रोकना है तो फोकस सही जानकारी और सही उपचार पर होना चाहिए।

प्रियंका गांधी ने कहा कि सरकार द्वारा आगरा मेयर की बातों को सकारात्मक भाव से लेना और तुरंत पूरी तरह से आगरा की जनता को महामारी से बचाने का प्रयास करना महत्वपूर्ण है।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital