उत्तर प्रदेश और हरियाणा में 25 दिसंबर से लगेगा नाइट कर्फ्यू

उत्तर प्रदेश और हरियाणा में 25 दिसंबर से लगेगा नाइट कर्फ्यू

नई दिल्ली। कोरोना के नए वेरिएंट ओमीक्रॉन के मरीज़ो की बढ़ती तादाद के बीच कई राज्यों में सतर्कता बरती जा रही है। मध्य प्रदेश, गुजरात के बाद अब उत्तर प्रदेश और हरियाणा में भी रात्रि का कर्फ्यू लगाए जाने का एलान किया गया है।

उत्तर प्रदेश में 25 दिसंबर रात 11 बजे से सुबह 05 बजे तक प्रतिदिन नाइट कर्फ्यू लगाए जाने का एलान किया गया है। प्रदेश सरकार के मुताबिक, देश के विभिन्न राज्यों में कोविड के मामलों में बढ़ोतरी के दृष्टिगत कल से प्रतिदिन, रात्रि 11 बजे से प्रातः 05 बजे तक प्रदेश में कोरोना कर्फ्यू प्रभावी रहेगा।

हरियाणा में क्रिसमस की रात से 11 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लगा होगा। इस दौरान सिर्फ जरूरी सेवाएं खुली रहेंगी। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज एलान किया है कि हरियाणा में 1 जनवरी से कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज न लेने वाले व्यक्तियों को सार्वजनिक स्थानों पर एंट्री नहीं मिलेगी। इस तरह के प्रतिबंध लगाने वाला हरियाणा पहला राज्य बन गया है।

गुजरात के 8 शहरो में नाइट कर्फ्यू:

कोविड की स्थिति को देखते हुए 25 दिसंबर से गुजरात के अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, राजकोट, भावनगर, जामनगर, गांधीनगर और जूनागढ़ में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू रहेगा। पहले यहां रात को 1 बजे से लेकर सुबह 5 बजे तक रात्रि कर्फ्यू था। अब इसे 11 बजे से सुबह 5 बजे तक रात्रि कर्फ्यू लागू रहेगा।

महाराष्ट्र में कोरोना दिशा निर्देशों का एलान:

महाराष्ट्र सरकार ने नए कोरोना ​​​​दिशानिर्देशों की घोषणा की है। राज्य में सार्वजनिक स्थानों पर 5 से अधिक व्यक्तियों को रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक प्रतिबंधित किया गया है। इनडोर शादियों में अधिकतम 100 लोगों और आउटडोर शादियों में अधिकतम 250 लोगों को अनुमति होगी।

अन्य सामाजिक, राजनीतिक, धार्मिक आयोजनों में अधिकतम 100 और खुली जगह में अधिकतम 250 लोगों को अनुमति है।रेस्टोरेंट,जिम,स्पा,सिनेमा हॉल 50% की क्षमता के साथ संचालित होंगे।

स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव राजेश भूषण ने बताया कि अब तक विश्व के 108 देशों में 1,51,000 से ज्यादा ऑमिक्रोन के मामले दर्ज़ किए गए हैं। उन्होंने कहा कि देश में 20 ज़िले ऐसे हैं जहां केस पॉजिटिविटी रेट 5-10% है। इनमें से 9 केरल में और 8 मिजोरम में हैं। 2 ज़िले ऐसे हैं जहां केस पॉजिटिविटी 10% से ज्यादा है, ये 2 ज़िले मिजोरम में हैं।

भूषण ने कहा कि विश्व में केस पॉजिटिविटी रेट 6% से ज्यादा है। भारत में केस पॉजिटिविटी 5.3% है। पिछले 2 सप्ताह में भारत में केस पॉजिटिविटी 0.6% है। उन्होंने कहा कि यूरोप, अफ्रीका और नॉर्थ अमेरिका में लगातार कोविड मामले लगातार बढ़ रहे हैं। एशिया में कोविड मामले अभी भी लगातार घट रहे हैं। भारत में पिछले 2 सप्ताह से प्रतिदिन नए मामले लगभग 7000 हैं। भारत में भी कोविड मामले लगातार घट रहे हैं।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital