अभिनेत्री विद्या बालन ने सुशांत केस में मीडिया रिपोर्टिंग को बताया “सर्कस”
नई दिल्ली। सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड केस में कई न्यूज़ चैनलों द्वारा रिया चक्रवर्ती को टारगेट किये जाने पर फिल्म अभिनेत्री विद्या बालन ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए इसे मीडिया सर्कस बताया है।
मंगलवार को ट्विटर पर लक्ष्मी मंछू की पोस्ट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए विद्या बालन ने लिखा “गॉड ब्लैस यू लक्ष्मी मंछू ये खुलकर कहने के लिए। एक युवा स्टार सुशांत सिंह राजपूत की असमय मौत मीडिया सर्कस बनना बदकिस्मती है। इसी जिंदगी में, एक महिला के तौर पर, रिया चक्रवर्ती के हो रहे इस तिरस्कार से मेरा दिल टूट जाता है। जब तक अपराध साबित नहीं हो जाता तब तक क्या वे निर्दोष नहीं हैं, या अब ऐसा है कि जब तक साबित नहीं हो जाता तब तक आप दोषी हैं? नागरिकों के कानूनी अधिकार के प्रति थोड़ी इज्जत दिखाएं और कानून को अपना काम करने दें।”
विद्या बालन से पहले कई अन्य अभिनेता और अभिनेत्री भी रिया चक्रवर्ती के समर्थन में बयान दे चुके हैं। इनमे अभिनेत्री लक्ष्मी मंछू और तापसी पन्नू भी शामिल हैं। उन्होंने अपने ट्वीट में रिया चक्रवर्ती द्वारा आजतक पर राजदीप सरदेसाई के सवालो के जबाव देने का ज़िक्र किया था।
