ऑपरेशन सिंदूर: तृणमूल कांग्रेस की तरफ से अभिषेक बनर्जी होंगे सांसदों के प्रतिनिधिमंडल में शामिल
नई दिल्ली। ऑपरेशन सिंदूर’ के सिलसिले में संसदीय प्रतिनिधिमंडल में तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पार्टी सांसद अभिषेक बनर्जी पार्टी का प्रतिनिधित्व करेंगे।
टीएमसी ने ‘X’ पर लिखा, ‘हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि हमारी अध्यक्ष ममता बनर्जी ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की वैश्विक पहुंच के लिए सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में तृणमूल कांग्रेस का प्रतिनिधित्व करने के लिए राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी को नामित किया है।’
तृणमूल ने आगे कहा कि ऐसे समय में जब दुनिया को आतंकवाद के बढ़ते खतरे का सामना करने के लिए एकजुट होना चाहिए, अभिषेक बनर्जी का प्रतिनिधिमंडल से जुड़ना दृढ़ विश्वास और स्पष्टता दोनों लाता है। उनकी उपस्थिति न केवल आतंकवाद के खिलाफ बंगाल के दृढ़ रुख को दर्शाएगी, बल्कि वैश्विक मंच पर भारत की सामूहिक आवाज को भी मजबूत करेगी।
बता दें कि ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी अन्य देशों को देने के लिए भारत सरकार द्वारा बनाए गए सांसदों के प्रतिनिधिमंडल में पहले तृणमूल कांग्रेस सांसद यूसुफ पठान का नाम शामिल किया गया था लेकिन तृणमूल कांग्रेस ने इसे वापस ले लिया था।
