प्रियंका गांधी आज जारी करेंगी महिलाओं के लिए कांग्रेस का घोषणा पत्र
लखनऊ। कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी आज लखनऊ के कांग्रेस मुख्यालय नेहरू भवन में महिलाओं के लिए पार्टी का घोषणा पत्र जारी करेंगी। इस अवसर पर प्रियंका गांधी प्रेस कांफ्रेंस को भी संबोधित करेंगी।
उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने महिलाओं के लिए अलग से घोषणा पत्र जारी करने का एलान किया था। इस घोषणा पत्र में महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर पार्टी अपने वादे और नीतियों को महिलाओं के समक्ष रखेगी।
पार्टी उत्तर प्रदेश में 40 फीसदी टिकिट महिलाओं को देने के अलावा 12वीं की छात्राओं को स्मार्ट फोन और स्नातक की छात्राओं को स्कूटी देने का वादा कर चुकी है। प्रियंका ने एक नया नारा भी दिया है- ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’, ये नारा अब कांग्रेस के लिए यूपी चुनाव का ट्रंप कार्ड बन सकता है।
इससे पहले मंगलवार को प्रियंका गांधी ने विधानसभा चुनावों के लिए गठित प्लानिंग & स्ट्रैटेजी और अन्य समितियों से बैठक कर चुनाव से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने किसी दल से गठबंधन नहीं करने का एलान किया है। हालांकि सूत्रों का कहना है कि पार्टी आंतरिक तौर पर प्रोग्रेसिव समाजवादी पार्टी के नेता शिवपाल सिंह यादव और भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर रावण के संपर्क में है।
सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस भले ही आधिकारिक तौर पर किसी से गठबंधन न करे लेकिन वह गठबंधन की स्थिति बनने की दशा में अन्य दलों के लिए कुछ सीटें छोड़ सकती है। सूत्रों ने कहा कि पार्टी की प्राथमिकता में प्रदेश की सभी सीटें न होकर चुनिंदा 100-125 सीटें हो सकती हैं, जिन पर पार्टी पूरी ताकत लगाकर चुनाव लड़कर प्रदेश में सम्मानजनक स्थिति में आना चाहेगी।
सूत्रों ने कहा कि पार्टी यह भी मानकर चल रही है कि यदि त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति बनी तो कांग्रेस किंग मेकर की भूमिका में खड़ी हो सकती है। हालांकि अभी यह कह पाना मुश्किल है कि चुनावी ऊंट किस करवट बैठेगा और किसको कितनी सीटें मिलेंगी।
