योगी आदित्यनाथ का दावा: यूपी में बीजेपी की मिलेंगी 300 से ज़्यादा सीटें
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया है कि उत्तर प्रदेश में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में एक बार फिर से भारतीय जनता पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
न्यूज़ एजेंसी एनएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा और हमारे सहयोगी दल 2022 में प्रचंड बहुमत के साथ चुनाव जीतेंगे। भाजपा 300 से अधिक सीटे जीतकर आगे बढ़ेगी इसमें कोई संदेह नहीं होना चाहिए।
उत्तर प्रदेश में जिला पंचायत अध्यक्षों के चुनाव के नतीजों पर मुख्यमंत्री ने टिप्पणी करने हुए कहा कि ये एक-एक कार्यकर्ता की मेहनत का परिणाम है कि हम लोगों ने देश की सबसे बड़ी आबादी के राज्य को कोरोना से पूरी तरह नियंत्रित करने में सफलता प्राप्त की और आज पंचायत चुनाव में भाजपा ने 75 में से 67 सीटें जीती हैं।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा चुनाव में प्रशासन के दुरुपयोग के आरोप पर पलटवार करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अगर हम लोकसभा या विधानसभा चुनाव जीतते हैं तो आरोप ईवीएम पर आता है, तब उन्होंने मांग की थी कि बैलेट पेपर से चुनाव होने चाहिए। इस बार बैलेट पेपर से चुनाव हुए तो अब वो प्रशासन पर आरोप लगाने लगे।
वहीँ 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के छोटे दलों के साथ गठबंधन करने के बयान पर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हले भी गठबंधन हुए हैं, जनता सबको देख चुकी है। नए भारत के नए उत्तर प्रदेश के लिए जब प्रदेश की जनता जाति, मत, मजहब, क्षेत्र और भाषा से ऊपर उठकर आगे बढ़ने के लिए तत्पर हो तो ये गठबंधन कुछ नहीं कर सकते।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने 75 में से 67 जिला पंचायतो पर कब्ज़ा जमाया है। समाजवादी पार्टी का आरोप है कि बीजेपी के उम्मीदवारों को जिला पंचायत अध्यक्ष बनवाने के लिए राज्य सरकार ने प्रशासन का दुरूपयोग किया है और धन बल का इस्तेमाल किया है।
