कौन हैं पीएम मोदी के करीबी एके शर्मा? जिन्हे बनाया गया यूपी बीजेपी का उपाध्यक्ष
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले पीएम मोदी के करीबी माने जाने वाले पूर्व आईएएस अफसर एके शर्मा को भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
एके शर्मा को लेकर पिछले दिनों तरह तरह की अफवाहें थीं। अफवाहें यहां तक थीं कि एके शर्मा को उत्तर प्रदेश सरकार में उप मुख्यमंत्री बनाया जाना था लेकिन इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तैयार नहीं थे, जिसके चलते पीएम नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच रिश्तो में खटास भी पैदा हुई।
बताया जा रहा है कि एके शर्मा को प्रदेश में उपमुख्यमंत्री बनाये जाने के लिए प्रदेश बीजेपी के प्रभारी ने लखनऊ का दौरा भी किया था जिसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दिल्ली में मुलाकात की थी।
कौन हैं एके शर्मा:
एके शर्मा इस समय विधान परिषद के सदस्य हैं। 58 वर्षीय एके शर्मा मूलतः उत्तर प्रदेश के काझाखुर्द गांव के रहने वाले हैं। वे गुजरात में अपनी पोस्टिंग के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के संपर्क में आये। वे बीते 18 साल से मोदी के भरोसेमंद हैं। टाटा नैनो को गुजरात लाने, राज्य में निवेश और वाइब्रेंट गुजरात समिट के आयोजनों में उनकी अहम बताई जाती है।
2014 में गुजरात के सीएम नरेंद्र मोदी जब पीएम बन कर दिल्ली आए तो शर्मा भी पीएम कार्यालय में संयुक्त सचिव के रूप में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर दिल्ली आए। स्वैछिक सेवानिवृत्ति लेते समय वो एसएसएमई मंत्रालय में सचिव पद पर कार्यरत थे।
इतना ही नहीं, इस साल की शुरुआत में कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई की निगरानी के लिए एके शर्मा को पीएम मोदी के लोकसभा क्षेत्र वाराणसी भेजा गया था।
