राहुल का पीएम पर निशाना, ‘जो कहता था गंगा ने बुलाया है, उसने मां गंगा को रुलाया है’

राहुल का पीएम पर निशाना, ‘जो कहता था गंगा ने बुलाया है, उसने मां गंगा को रुलाया है’

नई दिल्ली। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला बोला है। राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश में गंगा नदी में तैरती मिली लाशो को लेकर पीएम मोदी पर बिना नाम लिए निशाना साधा।

राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, ‘जो कहता था गंगा ने बुलाया है, उसने मां गंगा को रुलाया है।” राहुल गांधी ने इसके साथ अखबार की एक रिपोर्ट को भी शेयर किया, जिसमें दावा किया गया है कि गंगा नदी के किनारे 1,140 किलोमीटर रेंज में 2,000 से ज्यादा शव मिल हैं।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री बनने से पहले लोकसभा चुनाव 2014 के प्रचार के दौरान वाराणसी में नरेंद्र मोदी ने कहा था, “न तो यहां मैं आया हूं और न ही मुझे भेजा गया है। दरअसल, मुझे तो मां गंगा ने यहां बुलाया है। यहां आकर मैं वैसी ही अनुभूति कर रहा हूं, जैसे एक बालक अपनी मां की गोद में करता है।”

बता दें कि पिछले कुछ दिनों में हमीरपुर में यमुना नदी, गाजीपुर और बलिया में गंगा नदी में बड़ी संख्या में लावारिस शव बहते हुए मिले थे, जिनका प्रशासन ने अंतिम संस्कार कराया।

वहीँ इस मामले में गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट एक याचिका दायर कर ऐसे कई लोगों की मौत की जांच की मांग की गई, जिनके शव बिहार और उत्तर प्रदेश में गंगा नदी में बहते पाए गए थे।

इस याचिका में मौत की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट के वर्तमान या रिटायर जज की अध्यक्षता में विशेष जांच टीम गठित करने का अनुरोध किया गया है। याचिका में आरोप है कि गंगा नदी में करीब 100 शव बहते पाए गए जिनमें से 71 शव बिहार के बक्सर जिले में निकाले गए, जबकि उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में भी ऐसे शव पाए गए।

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने उत्तर प्रदेश और बिहार में गंगा नदी में कई लाशें मिलने की शिकायतों के बाद संज्ञान लेते हुए गुरुवार को केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय और दोनों राज्यों को नोटिस जारी किया. मामले में 4 सप्ताह के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट मांगी गई है।

TeamDigital