राहुल बोले ‘कोरोना वायरस से लड़ने के लिए ताली नहीं, आर्थिक मदद की जरूरत’

राहुल बोले ‘कोरोना वायरस से लड़ने के लिए ताली नहीं, आर्थिक मदद की जरूरत’

नई दिल्ली। कोरोना वायरस को लेकर पीएम मोदी द्वारा राष्ट्र के नाम संबोधन में थाली,ताली और घंटी बजाने के ज़िक्र पर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने तंज कसा है।

उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस ने हमारी अर्थव्यवस्था पर बड़ा प्रहार किया है। इससे सबसे ज्यादा छोटे कारोबारी प्रभावित हैं। ऐसे में सिर्फ ताली बजाने से काम नहीं चलेगा। उन्हें आर्थिक मदद की जरूरत है।

राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, “कोरोना वायरस हमारी नाज़ुक अर्थव्यवस्था पर एक कड़ा प्रहार है। छोटे, मध्यम कारोबारी और दिहाड़ी मजदूर इससे सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। ताली बजाने से उन्हें मदद नहीं मिलेगी। आज नकद मदद, टैक्स ब्रेक और कर्ज अदायगी पर रोक जैसे एक बड़े आर्थिक पैकेज की जरुरत है। तुरंत कदम उठाएं।”

बता दें कि पीएम नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को अपने संबोधन में रविवार के दिन जनता कर्फ्यू की अपील की थी जिसमें उन्होंने शाम 5 बजे अपने-अपने घरों में ताली या थाली बजाकर कोरोना से निपटने में मदद कर रहे लोगों का सम्मान करने की अपील की है।

गौरतलब है कि देश में अभी तक कोरोना संक्रमण के 298 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 22 ठीक हो गए हैं। बढ़ते मामलों पर नियंत्रण के लिए जहां शहरों को लॉक डाउन किया गया है, तो वहीं संक्रमितों को आइसोलेशन में रहने की सलाह दी जा रही है।

TeamDigital