गोडसे प्रकरण: सिंधिया बोले ‘गलती एक बार होती है,बीजेपी सांसद बार बार कर रहे’
नई दिल्ली। बीजेपी सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के कातिल नाथूराम गोडसे को देशभक्त कहे जाने के मामले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भाजपा पर निशाना साधा है।
शनिवार को सिंधिया ने बीजेपी को घेरते हुए कहा कि गलती एक बार होती है, लेकिन भाजपा के सांसद बार-बार ऐसा कर रहे हैं। जिसे गलती समझकर नज़रअंदाज नहीं किया जा सकता।
सिंधिया ने कहा कि भाजपा के एक सांसद ने 2014 में महात्मा गांधी के हत्यारे को देशभक्त कहा था। अब एक अन्य सांसद ऐसा कह रहा है। भाजपा के सांसद बार-बार ऐसा कर रहे हैं। 2014 में सदन की कार्रवाई स्थगित कर दी गई थी और उस समय की सरकार ने सांसद से माफी मांगने को कहा था।
सिंधिया ने कहा कि भाजपा अनुशासन की बात करती है, लेकिन उसके नेता इस तरह के बयानों से देश के प्रति अनादर दिखाते रहे हैं। पिछले दिनों हिंदू महासभा के गोडसे की ‘पूजा’ करने की कोशिश की घटना पर उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति ने गांधीजी की हत्या की, उसका नाम लेना भी गलत है।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के दौरान स्क्रीनिंग कमेटी के चेयरपर्सन रहे सिंधिया ने शिव सेना-एनसीपी-कांग्रेस गठबंधन की सरकार को लेकर भरोसा जताया कि यह नया इतिहास रचेगी।
गौरतलब है कि भोपाल से भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने 27 नवंबर को लोकसभा में एसपीजी विधेयक पर चर्चा के दौरान गोडसे को ‘देशभक्त’ कहा था। हालांकि उनकी टिप्पणी को सदन की रिकॉर्डिंग से हटा दिया गया था। बाद में उन्होंने बयान भी जारी कर इससे इनकार किया था और माफी भी मांग ली थी।
