झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवरदास के खिलाफ गौरव बल्ल्भ होंगे कांग्रेस उम्मीदवार

झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवरदास के खिलाफ गौरव बल्ल्भ होंगे कांग्रेस उम्मीदवार

नई दिल्ली। झारखंड में होने जा रहे विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रो गौरव बल्ल्भ को उम्मीदवार बनाकर बीजेपी को सकते में डाल दिया है।

गौरव बल्ल्भ जमशेदपुर ईस्ट सीट पर मुख्यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। वे पहले जमशेदपुर में ही एक्सएलआरआइ में प्रोफेसर थे और वे जमशेदपुर में आज भी खासे लोकप्रिय हैं।

गौरव वल्लभ एक टीवी डिबेट के बाद काफी चर्चा में आ गए थे और उनका वीडियो भी काफी वायरल हुआ। एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम में भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा और गौरव वल्लभ दोनों मौजूद थे।

इस डिबेट में जब 5 ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी पर बात होने लगी तो अचानक गौरव वल्लभ ने पात्रा से पूछा कि ट्रिलियन में कितने जीरो होते हैं। संबित पात्रा तत्काल उनके सवाल का जवाब नहीं दे पाए। इसके बाद यह वीडियो इंटरनेट पर खूब वायरल हुआ। आज गौरव वल्लभ बड़े टीवी चैनलों की डिबेट में अक्सर नजर आते हैं।

गौरतलब है कि झारखंड में कांग्रेस झारखंड मुक्ति मोर्चा और राष्ट्रीय जनता दल से गठबंधन कर चुनाव लड़ रही है। झारखंड में 81 सीटों पर पांच चरणों में मतदान होगा। नक्सली समस्या को देखते हुए राज्य में कई चरणों में मतदान कराए जाएंगे।

राज्य में 30 नवंबर को पहले चरण के मतदान होने हैं। दूसरे चरण का मतदान, 7 दिसंबर, तीसरे चरण का 12 दिसंबर, 16 को चौथे चरण का और 20 दिसंबर को आखिरी चरण का मतदान होगा और 23 दिसंबर को वोटों की गिनती होगी।

TeamDigital