उत्तर प्रदेश में पार्टी की कायापलट करने के लिए ब्लू प्रिंट तैयार करेगी कांग्रेस
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव में सिर्फ एक सीट पर सिमटी कांग्रेस अब उत्तर प्रदेश में पार्टी की कायापलट करने के लिए ब्लू प्रिंट तैयार करेगी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की देखरेख में तैयार होने वाले इस ब्लू प्रिंट में 2022 के विधानसभा चुनावो के को ध्यान में रखा जाएगा।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक फ़िलहाल प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन नहीं किया जायेगा और राजबब्बर प्रदेश अध्यक्ष के पद पर बने रहेंगे। इतना ही नहीं प्रदेश के फ्रंटल संगठनों के अध्यक्षों से लेकर जिला और महानगर स्तर पर अध्यक्षों का नए सिरे से चुनाव होगा।
पार्टी सूत्रों ने कहा कि 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावो को ध्यान में रखकर ब्लॉक और वार्ड स्तर पर संगठन को मज़बूत करने के लिए खासी रणनीति तैयार की जायेगी। सूत्रों ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लिए तैयार होने वाले ब्लूप्रिंट में प्रदेश को चार भागो में बांटकर ज़ोन स्तर पर प्रभारियों की न्युक्ति की जायेगी।
सूत्रों की माने लोकसभा चुनाव में अमेठी जैसा मजबूत दुर्ग हार चुकी कांग्रेस अमेठी में एक बार फिर कांग्रेस को आक्रामक बनाने की तैयारी में है। इतना ही नहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में वे जिले चिन्हित किये जाएंगे, जिनमे कांग्रेस पहले अच्छा प्रदर्शन कर चुकी है। इन जिलों पर पार्टी खासा तवज्जो देने के मूड में हैं।
सूत्रों ने कहा कि पार्टी जल्द ही ब्लू प्रिंट तैयार कर इस वर्ष अगस्त सितंबर तक इस पर अमल करना शुरू कर देगी। सूत्रों ने कहा कि पार्टी की आंतरिक गुटबंदी से निपटने और पार्टी नेताओं के बीच अच्छे तालमेल के लिए भी ब्लू प्रिंट में सुझाव मांगे गए हैं।
सूत्रों ने कहा कि कांग्रेस महासचिव जल्द ही उत्तर प्रदेश के कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करना शुरू करेंगी। इस मुलाकात के माध्यम से वे लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में पार्टी की हार के कारणों का विश्लेषण करेंगी। इतना ही नहीं वे जिला, महानगर और नगर कांग्रेस कमेटियों में नेतृत्व के बदलाव पर भी कार्यकर्ताओं की राय जानेंगी।
