बिहार में कुदरत का तांडव, आकाशीय बिजली गिरने से 83 की मौत
पटना ब्यूरो। बिहार में अलग अलग जगह आकाशीय बिजली के कहर ने 83 लोगों की और उत्तर प्रदेश में 24 लोगों की जान ले ली। तेज बारिश के दौरान बिहार के कुल 23 जिलों में बिजली गिरी। इनमे सबसे ज़्यादा मौतें गोपालगंज में हुई हैं। यहाँ आकाशीय बिजली गिरने से 13 लोगों की मौत हो गई। इस घटना में कई लोगों के गंभीर रूप से झुलसने की भी खबर है।
आकाशीय बिजली गिरने से गोपालगंज के अलावा जबकि मधुबनी और नबादा में 8-8 लोगों की मौत हुई है। वहीँ पूर्वी चंपारण, सिवान, बांका, दरभंगा, भागलपुर,मधुबनी और नबादा में आकाशीय बिजली गिरने से पांच-पांच लोगों की मौत होने की खबर है।
वहीँ उत्तर प्रदेश में आकाशीय बिजली गिरने से कुल 24 लोगों की मौत हुई है। जिसमें से देवरिया में 9, कुशीनगर, फतेहपुर, बलरामपुर व उन्नाव में 1-1, बाराबंकी में 2, अंबेडकनगर में 3, प्रयागराज में 6 लोगों की मौत हुई है।
आकाशीय बिजली से बड़ी तादाद में हुई मौतों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपनी संवेदनाएं प्रगट की हैं। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि ‘बिहार में बिजली गिरने से 83 लोगों की मौत की ख़बर सुनकर स्तब्ध हूँ। भगवान उनके प्रियजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति दे। कॉंग्रेस कार्यकर्ताओं से मेरी अपील है कि पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद करें।’
वहीँ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संवेदना संदेश में कहा कि ‘बिहार और उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से कई लोगों के निधन का दुखद समाचार मिला। राज्य सरकारें तत्परता के साथ राहत कार्यों में जुटी हैं। इस आपदा में जिन लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है, उनके परिजनों के प्रति मैं अपनी संवेदना प्रकट करता हूं।’
