5वे चरण के चुनाव के लिए मतदान जारी, दोपहर 01 बजे तक 31.29% मतदान

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के पांचवे चरण में आज सात राज्यों की 51 लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। दोपहर एक बजे तक 31.29% मतदान होने की खबर है।
दोपहर एक बजे तक बिहार में 24.49%, जम्मू कश्मीर में 6.54%, राजस्थान में 33.82%, मध्य प्रदेश में 31.46%, उत्तर प्रदेश में 26.53%, पश्चिम बंगाल में 39.55% और झारखंड में 37.24% मतदान हुआ।
आज हो रहे चुनाव में कई बड़े राजनैतिक चेहरे भी मैदान में हैं। उत्तर प्रदेश के लखनऊ में केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ, रायबरेली में यूपीए चेयर पर्सन सोनिया गांधी, सुल्तानपुर में केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी, अमेठी में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, झारखंड के हजारीबाग में केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा, राजस्थान के जयपुर ग्रामीण में केंद्रीय मंत्री जयवर्धन सिंह राठोड और बीकानेर सीट पर अर्जुनराम मेघवाल मैदान में हैं।
छुटपुट घटनाओं को छोड़कर अभी तक मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। बिहार के छपरा में मतदान केंद्र संख्या 131 पर एक व्यक्ति रंजीत पासवान ने ईवीएम तोड़ डाला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
बिहार के हाजीपुर में फर्जी वोटिंग की खबरों के बीच पुलिस ने लाठियां बरसाई। पुलिस के जवानों ने बिना कारण जहां-तहां खड़े लोगों पर लाठी चला कर भगाया।
पश्चिम बंगाल के बैरकपुर में मतदान के बीच उस समय हंगामा खड़ा हो गया। जब बीजेपी उम्मीदवार ने आरोप लगाया कि उनके ऊपर टीएमसी कार्यकर्ताओं ने हमला किया है। बचाव में आई पुलिस और केंद्रीय बल के जवानों से भी लोगों ने धक्का मुक्की की।
मतदान के दौरान कुछ जगह से ईवीएम में खराबी आने की भी ख़बरें आ रही हैं। पश्चिम बंगाल के हावड़ा में ईवीएम और वीवीपैट मशीन में तकनीकी खराबी के कारण मतदान केंद्र संख्या 289/291/292 में मतदान देर से शुरू हो सका।